भोपाल में राहत की बारिश:दो दिन की उमस के बाद आज जमकर बरसे बदरा, शहर में 27.4 मिमी बारिश हुई, इससे पहले 13 को 33.3 मिमी बारिश हुई थी


मध्य प्रदेश। दो दिन की उमस के बाद आज राजधानी भोपाल में जमकर बारिश हुई। इससे लोगों को कुछ राहत मिल गई। करीब दो घंटे तक तेज बारिश के कारण शहर में 27.4 मिमी पानी गिर गया। हालांकि बैरागढ़ में सिर्फ 12.1 मिमी बारिश ही रिकॉर्ड की गई। दोपहर बाद हुई बारिश के कारण मौसम खुशनुमा हो गया। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 32.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, तो रात का पारा 25.4 डिग्री सेल्सियस तक रहा। दिन और रात के तापान में 6.9 डिग्री का अंतर रहा।
13 जुलाई को हई थी 33.3 मिमी बारिश
बीते 8 दिन की बात की जाए तो 13 जुलाई को 33.3 मिमी बारिश हुई थी। इसके बाद 16 जुलाई को 18.1 मिमी, 17 को 2.1 मिमी और 18 को 1.6 मिमी पानी गिरा था। इसके बाद आज बारिश हुई है। कुछ दिनों से गर्मी होने के कारण लोगों को दोबारा कूलर तक चलाने पड़ रहे थे।
भोपाल में सिर्फ गरज चमक के साथ बौछारों की संभावना थी
मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटे के लिए प्रदेश में बारिश की चेतावनी जारी की थी। इसमें भोपाल जिले में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारे पड़ने की संभावना जताई गई थी। बीते दिनों को देखते हुए राजधानी में हालांकि तेज बारिश की किसी को उम्मीद नहीं थी।



