राजस्थान स्पीकर ने सुप्रीम कोर्ट से वापस ली याचिका, अभी हाईकोर्ट में ही चलेगी सुनवाई


नई दिल्ली : राजस्थान के सियासी संग्राम में सोमवार सुबह बड़ा बदलाव हुआ. राजस्थान विधानसभा के स्पीकर सीपी जोशी ने हाईकोर्ट के जिस फैसले के खिलाफ याचिका दायर की थी, उसे वापस ले लिया है. सुप्रीम कोर्ट ने याचिका वापस लेने की अपील स्वीकार कर ली है. कांग्रेस की ओर से लड़ाई को अब अदालत की बजाय राजनीतिक रूप से लड़ने पर विचार किया जा रहा है. हालांकि, कांग्रेस शुक्रवार को आए हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दे सकती है.
स्पीकर सीपी जोशी की ओर से सुप्रीम कोर्ट में एक नई याचिका दायर की जाएगी. जो कि शुक्रवार को आए हाईकोर्ट के फैसले को लेकर होगी.
यानी फिलहाल इस मामले की सुनवाई जयपुर हाई कोर्ट में ही जारी रहेगी. स्पीकर ने याचिका में सचिन पायलट और 18 अन्य विधायकों को जारी अयोग्यता नोटिसों पर अपना फैसला टालने के लिए कहा था.
सुप्रीम कोर्ट में स्पीकर सीपी जोशी के वकील कपिल सिब्बल ने याचिका वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि अब हाई कोर्ट में 10th शेड्यूल के प्रावधानों को चुनौती देने पर सुनवाई शुरू हो गई है. हम पहले जो मसला लेकर आए थे, अब सुनवाई उससे आगे बढ़ चुकी है. हम विचार करके ज़रूरत के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट आएंगे. इसके बाद जजों ने स्पीकर को याचिका वापस लेने की इजाज़त दे दी.
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट को यह तय करना था कि राजस्थान हाई कोर्ट पायलट खेमे के विधायकों की याचिका पर सुनवाई कर सकता था या नहीं. स्पीकर ने अर्ज़ी दायर कर कहा था कि हाई कोर्ट ने विधायकों की अयोग्यता के मसले पर उनके फैसले से पहले सुनवाई कर के उनके अधिकार क्षेत्र का हनन किया है.
बता दें कि राज्य में सियासी संकट में फंसी कांग्रेस आज देशभर के सभी राज्यों में राजभवन के बाहर प्रदर्शन करेंगी. आशोक गहलोत बनाम सचिन पायलट की सियासी लड़ाई का मामला फिलहाल कोर्ट में है. वहीं विधानसभा सत्र बुलाए जाने के मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री गहलोत और राज्यपाल कलराज मिश्र के बीच पेंच फंस गया है.



