Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

भोपाल में एक और हनीट्रैप, डॉक्टर से मांगे 50 लाख रुपए


भोपाल: शहर में हनीट्रैप से मिलता-जुलता मामला सामने आया है। निशाने पर गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के एक डॉक्टर थे। आरोपितों में कुछ टीवी के पत्रकार शामिल हैं। उन्होंने डॉक्टर के पास महिला एंकर को भेजा और उनके साथ वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर पचास लाख रुपयों की अड़ी डाली। सौदा पांच लाख रुपये पर तय हुआ तो रकम लेने के लिए डॉक्टर को कार से अगवा कर आरोपित उनके घर पहुंच गए, जहां वे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। डॉक्टर की शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच ने दो युवतियों समेत टीवी पत्रकारिता से जुड़े पांच लोगों पर अपहरण, फिरौती और ब्लैकमेल करने की एफआइआर दर्ज की है। इनमें से दो को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि टीवी पत्रकार इसे स्टिंग ऑपरेशन बता रहे हैं। वहीं आरोपित एंकर ने डॉक्टर पर छेड़खानी की भी एफआइआर कराई है। इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई है।
एएसपी क्राइम ब्रांच गोपाल सिंह धाकड़ ने बताया कि अवधपुरी निवासी डॉ. दीपक मरावी गांधी मेडिकल कॉलेज में अस्थि रोग विभाग में प्रोफेसर हैं। वह ईदगाह हिल्स में क्लीनिक संचालित करते है। 29 अगस्त की रात को डॉक्टर ने क्राइम ब्रांच थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें उन्होंने बताया कि शाम को वे ईदगाह हिल्स क्लीनिक पर एक युवती का इलाज कर रहे थे। इस दौरान युवती ने कहा कि मुझे पानी पीना है। वह यह कहते हुए वह उनके क्लीनिक में बने कमरे में चली गई।
वह पीछे से पहुंचे, तभी क्लीनिक के अंदर खुद को टीवी चैनल के पत्रकार बताकर बनालाल सिंह राजपूत, अवधेश शर्मा, एक युवती और कैमरामैन तपन घुस गए। वे कैमरे से उनका वीडियो बनाकर युवती के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप लगाने लगे। वे अश्लील सामग्री भी लाए थे। डॉक्टर ने मना किया तो वे उन्हें बदनाम करने की धमकी देकर 50 लाख रुपए मांगने लगे। डॉक्टर ने इतनी बड़ी रकम देने से मना किया। तब उनके बीच 5 लाख रुपए में सौदा तय हुआ।
एएसपी गोपाल धाकड़ ने बताया कि डॉक्टर के पास पांच लाख की रकम क्लीनिक में नहीं थी। तब आरोपितों ने इसे जबरन लेने के लिए डॉक्टर को अपनी कार से अगवा किया और अवधपुरी स्थित उनके घर पहुंच गए। जहां अगले दिन रकम देने की बात हुई। इस दौरान डॉक्टर ने अपने मोबाइल से घर के अंदर आते हुए आरोपितों के वीडियो भी बना लिए थे। क्राइम ब्रांच पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने सोमवार को चैनल के न्यूज हेड बनालाल सिंह राजपूत (40) निवासी बैरसिया और रिपोर्टर अवधेश शर्मा (33) निवासी सुभाष नगर को प्रभात पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने कैमरामैन तपन, महिला एंकर और महिला रिपोर्टर को भी आरोपित बनाया है। पुलिस इन तीनों की तलाश में जुटी है।
18 दिन से निशाने पर थे मरावी : आरोपितों के निशाने पर डॉक्टर मरावी 18 दिन से थे। उन्हें जानकारी मिली थी कि डॉक्टर शौकीन मिजाज है। 11 अगस्त से उनकी रैकी की जा रही थी कि डॉक्टर किस समय अकेला क्लीनिक पर रहता है। उनके अकेले मिलने पर 29 अगस्त को वारदात की गई।

Related Articles

Back to top button