दिग्विजय को मिली अहम जिम्मेदारी: मोदी सरकार के खिलाफ आंदोलन करने बनी कमेटी की मिली कमान; प्रियंका गांधी के साथ मिलकर बनाएंगे रोडमैप


पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को केंद्रीय नेतृत्व ने अहम जिम्मेदारी सौंपी है। कांगेस की कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार के खिलाफ आंदोलन करने की रूपरेखा तैयार करने के लिए कमेटी बनाई है। इस कमेटी का अध्यक्ष दिग्विजय सिंह को बनाया गया है। वह अब प्रियंका गांधी सहित कमेटी के अन्य 9 सदस्यों के साथ मिलकर आंदोलन का रोडमैप तैयार करेंगे।
कांग्रेस के महासचिव वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में बनी इस नौ सदस्यीय कमेटी में राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, सांसद उत्तम कुमार रेड्डी, मनीष चतरथ, बीके हरिप्रसाद, रिपुन बोरा, उदित राज, डॉ. रागिनी नायक व जुबेर खान सदस्य के रूप में शामिल हैं। इसके पहले भी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिग्विजय सिंह को कांग्रेस की आर्थिक मामलों की समिति का सदस्य बनाया गया था। बता दें कि इसी साल सितंबर महीने में दिग्विजय सिंह को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी का स्थायी सदस्य बनाया गया था।
पार्टी सूत्रों का मानना है कि कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिग्विजय सिंह को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर कांग्रेस नेताओं को यह संकेत दिए हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की भूमिका पार्टी के फैसलों में अहम है। मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार के सत्ता से बाहर होने के बाद दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। दिग्विजय ने शिवराज सरकार के खिलाफ हुए कई आंदोलनों में हिस्सा लिया। हाल ही में भोपाल में हुए आंदोलन की अगुवाई दिग्वियज सिंह ने की थी।



