दिल्ली में वीकेंड कर्फ़्यू का एलान, जानिए क्या खुलेगा और क्या रहेगा बंद


नई दिल्ली, 4 जनवरी: राजधानी दिल्ली में शनिवार और रविवार को अब कर्फ्यू रहेगा। कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से वृद्धि के चलते दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की मंगलवार को बैठक में वीकेंड कर्फ्यू लगाने का फैसले लिया गया है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बैठक के बाद इसकी जानकारी दी है।
डीडीएमए की बैठक में क्या हुए फैसले
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने डीडीएमए की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि जिस तरह से राजधानी में कोरोना का ग्राफ बढ़ा है। उसको देखते हुए वीकेंड यानी शनिवार और इतवार को अब कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया गया है।
दिल्ली सरकार ने अपने जरूरी सेवाओं से जुड़े विभागों के दफ्तरों को ही खोले रखने का फैसला लिया है। दिल्ली सरकार के जरूरी सेवाओं को छोड़कर दूसरे दफ्तर वर्क फ्रॉम होम मोड में रहेंगे, यहां कर्मचारी नहीं आएंगे।
दिल्ली सरकार ने प्राइवेट दफ्टरों को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दी है। यानी अगर किसी ऑफिस में 100 लोग काम करत हैं तो 50 ही दफ्तर आ सकेंगे बाकी को घर से ही काम करना होगा।
बस अड्डों और मेट्रो को 50 फीसदी क्षमता से चलाने की वजह से काफी भीड़ हो रही थी। दिल्ली सरकार ने अब बसों और मेट्रो को पूरी क्षमता से चलाए जाने का फैसला लिया है। हालांकि बसों और मेट्रो में बिना मास्क एंट्री नहीं मिलेगी।
दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू यानी शनिवार और रविवार को खाना, मेडिकल, पुलिस, सब्जी, प्रेस और दूसरी जरूरी सेवाएं से जुड़े लोगों को ही आने जाने की इजाजत होगी। इसके अलावा दूसरे लोगों को आवाजाही की इजाजत नहीं होगी। आवश्यक सेवाओं के अलावा दूसरी दुकानों को भी वीकेंड पर नहीं खोल सकेंगे।
दिल्ली में नाइट कर्फ्यू भी
दिल्ली में नाइट कर्फ्यू पहले से ही लागू है, जिसमें रात 10 से सेबुह 5 बजे तक कहीं आने जाने पर पाबंदी है। दरअसल दिल्ली में कोरोना संक्रमण बीते कुछ दिनों में बहुत तेजी से बढ़ा है। दिल्ली में सोमवार को संक्रमण के 4,099 नए मामले सामने आए थे, जो रविवार के मुकाबले 28 फीसदी अधिक हैं। सोमवार को दिल्ली में संक्रमण दर 6.46 प्रतिशत हो गई। जिसके बाद पाबंदी बढ़ाने को लेकर ये फैसले लिए गए हैं।



