भोपाल-इंदौर में भाजपा तो ग्वालियर-जबलपुर में कांग्रेस के महापौर
भोपाल-इंदौर में भाजपा तो ग्वालियर-जबलपुर में कांग्रेस के महापौर


आम आदमी पार्टी का खुला खाता, सिंगरौली में रानी अग्रवाल बनीं महापौर
MP Municipal Election 2022 Results भोपाल। मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में भाजपा ने बढ़त बनाई। भोपाल में मालती राय और इंदौर में पुष्यमित्र भार्गव निणार्यक बढ़त बना चुके हैं। वहीं, खंडवा, बुरहानपुर, सागर और सतना में भाजपा प्रत्याशी विजयी रहे हैं। कांग्रेस ने ग्वालियर और जबलपुर में निर्णायक बढ़त बना ली है। छिंदवाड़ा में पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ अपना वर्चस्व बरकरार रखने में सफल रहे हैं। यहां महापौर पद पर पार्टी के विक्रम अहाके ने जीत दर्ज की है। सिंगरौली में आम आदमी पार्टी (आप) की महापौर प्रत्याशी रानी अग्रवाल विजयी रही हैं। उल्लेखनीय है कि इसके पहले सभी नगर निगमों में भाजपा के महापौर थे।
पहले चरण में 11 नगर निगम, 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद के चुनाव कराए गए थे। सुबह नौ बजे डाक मतपत्रों की गणना से मतगणना प्रारंभ हुई। एक घंटे बाद इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों की गणना भी साथ-साथ की गई। सबसे पहले अधिकृत परिणाम बुरहानपुर से आया। यहां भाजपा की महापौर प्रत्याशी माधुरी पटेल ने कांग्रेस की शहनाज अंसारी को कड़े मुकाबले में पराजित किया।
सतना में योगेश ताम्रकार ने कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाहा को करारी शिकस्त दी। यहां कांग्रेस के बागी सईद अहमद ने 26 हजार 151 मत लेकर पार्टी प्रत्याशी को काफी नुकसान पहुंचाया। खंडवा में भाजपा की अमृता यादव ने कांग्रेस की आशा मिश्रा को पराजित किया। सागर में भाजपा की संगीता तिवारी ने कांग्रेस की निधि जैन को हराया। उज्जैन में कांग्रेस के महेश परमार की आपत्ति के बाद पुनर्गणना कराई जा रही है।
ग्वालियर में कांग्रेस विधायक डा.सतीश सिकरवार की पत्नी शोभा सिकरवार निर्णायक बढ़त ले चुकी हैं। यहां भाजपा ने सुमन शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, ज्योदिरादित्य सिंधिया, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया सहित अन्य नेताओं ने जमकर प्रचार किया था। इसी तरह जबलपुर में कांग्रेस के जगत बहादुर सिंह ‘अन्न्ू” भी निर्णायक बढ़त बना चुके हैं। भाजपा ने डा.जितेन्द्र जामदार को मैदान में उतारा है। इंदौर में भाजपा के पुष्यमित्र भार्गव ने एक लाख से अधिक मतों से बढ़त बना ली है। यहां कांग्रेस ने संजय शुक्ला को प्रत्याशी बनाया था। उन्होंने कई लुभावनी घोषणाएं भी की थीं लेकिन मतदाताओं ने भार्गव पर ही भरोसा जताया।
आप का मध्य प्रदेश में प्रवेश
नगरीय निकाय चुनाव के माध्यम से आम आदमी पार्टी का मध्य प्रदेश में प्रवेश हो गया। भाजपा छोड़कर आप में शामिल हुईं रानी अग्रवाल को पार्टी ने महापौर प्रत्याशी बनाया था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उनके पक्ष रोड शो किया था। उन्होंने भाजपा के चंद्रप्रताप विश्वकर्मा को पराजित किया है।
कांग्रेस ने तीन विधायकों पर लगाया था दांव
कांग्रेस ने नगरीय निकाय चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए तीन विधायकों पर दांव लगाया था। इंदौर से संजय शुक्ला, उज्जैन से महेश परमार और सतना से सिद्धार्थ कुशवाहा को महापौर प्रत्याशी बनाया था। सतना से सिद्धार्थ कुशवाहा हार गए हैं तो संजय शुक्ला भाजपा प्रत्याशी से काफी पीछे चल रहे हैं। उज्जैन में पुनर्गणना चल रही है।
दिग्विजय सिंह के क्षेत्र राजगढ़ में कांग्रेस की करारी हार
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के क्षेत्र राजगढ़ में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। राजगढ़ नगर पालिका में भाजपा के 12 पार्षदों ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस के केवल दो प्रत्याशी ही जीत सके हैं। इसी तरह ब्यावरा में भी भाजपा के दस, कांग्रेस के सात पार्षद जीते हैं।
दूसरे चरण की मतगणना बीस को
प्रदेश में दूसरे चरण के नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना 20 जुलाई को होगी। इसमें पांच नगर निगम, 40 नगर पालिका और 169 नगर परिषद के परिणाम घोषित होंग।
नगर निगम- विजयी (प्राप्त मत)-निकटतम प्रतिद्वंद्वी (प्राप्त मत)- जीत का अंतर
भोपाल- मालती राय (भाजपा)- विभा पटेल (कांग्रेस)
इंदौर- पुष्यमित्र भार्गव (भाजपा)- संजय शुक्ला (कांग्रेस)
ग्वालियर- शोभा सिकरवार (कांग्रेस)- सुमन शर्मा (भाजपा)
जबलपुर- जगत बहादुर सिंह अन्न्ू (कांग्रेस)- डा.जितेन्द्र जामदार (भाजपा)
उज्जैन- मुकेश टटवाल (भाजपा)-महेश परमार (कांग्रेस)
सागर- संगीता तिवारी (भाजपा) 70653- निधि जैन (कांग्रेस) 57939- 12,714
सिंगरौली-रानी अग्रवाल (आप)34,585- चंद्रप्रताप विश्वकर्मा (भाजपा) 25,233-9,352
छिंदवाड़ा- विक्रम अहाके (कांग्रेस)64,363- अनंत कुमार धुर्वे (भाजपा)60,577-3,786
सतना- योगेश ताम्रकार (भाजपा) 63292- सिद्धार्थ कुशवाहा (कांग्रेस) 38376-24,916
खंडवा- अमृता यादव (भाजपा) 51925- आशा मिश्रा (कांग्रेस) 32160- 19765
बुरहानपुर- माधुरी पटेल (भाजपा) 52823- शहनाज अंंसारी (कांग्रेस) 52281-542



