जीतू पटवारी ने एक बैठक में कहा- संघर्ष का समय है, मैं नहीं हम की भावना से करना होगा काम
जीतू पटवारी ने एक बैठक में कहा- संघर्ष का समय है, मैं नहीं हम की भावना से करना होगा काम


भोपाल। आज की परिस्थिति बहुत कठिन है और संघर्ष का समय है। हम सभी को मैं नहीं हम की भावना से काम करना होगा।कांग्रेस पार्टी वह समुद्र है जो कभी खाली नहीं हो सकता। संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए डर कर नहीं बल्कि लड़कर उसकी रक्षा करना है क्योंकि लड़कर ही जंग जीती जा सकती है।
यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश और जिला पदाधिकारियों की बैठक में कही। इस दौरान संगठन ने लोकसभा और राज्य सभा चुनाव में प्रतिनिधित्व देने की मांग रखी।
लोकसभा चुनाव तैयारी
पटवारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए सभी पूरी ताकत के साथ जुट जाएं। हमारे लिए एक-एक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है। न्याय यात्रा में सभी जिले से अल्पसंख्यक वर्ग के लोग हों, इसके लिए कार्य योजना तैयार करें। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शेख अलीम ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में अच्छे परिणाम प्राप्त हों, इसके लिए सभी को एकजुटता से काम करना है। हमारे विभाग का एक-एक कार्यकर्ता पार्टी की मजबूती के लिए काम कर रहा है। उन्होंने संगठन की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को राज्य सभा में प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया।
डेढ़ लाख युवाओं को नहीं दी ज्वाइनिंग
उधर, मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा. विक्रांत भूरिया, राष्ट्रीय सचिव मानसिंह राठौर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने डेढ़ लाख चयनित अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किया है। 2019 से 2022 के बीच पहले से चयनित लगभग डेढ़ लाख युवाओं को सेना में ज्वाइनिंग से वंचित कर दिया गया। इनमें एयरफोर्स के सात हजार युवा शामिल थे, जिन्होंने अपनी सारी प्रक्रिया पूरी कर ली थी और ज्वाइनिंग लेटर की प्रतीक्षा में थे। इन भर्तियों को अग्निपथ योजना के तहत रद कर दिया। उन्होंने अग्निपथ योजना को बंद कर चयनित युवाओं को ज्वाइनिंग देने की सरकार से मांग की।
विशेष सवांददाता, ज़ीशान मुजीब



