24 अप्रैल को भोपाल में होगा PM मोदी का रोड शो, पुलिस आज करेगी रिहर्सल
24 अप्रैल को भोपाल में होगा PM मोदी का रोड शो, पुलिस आज करेगी रिहर्सल


भोपाल में रोड शो से पहले पीएम मोदी सागर और हरदा में चुनावी सभाएं करेंगे. 20 दिनों में पीएम मोदी का यह पांचवा मध्य प्रदेश दौरा होगा. आचार संहिता लागू होने के बाद 7 अप्रैल को नरेंद्र मोदी पहली बार सूबे में आए थे और जबलपुर में रोड शो किया था.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरे चरण को वोटिंग से पहले रोड शो करने वाले हैं. जबलपुर के बाद अब राजधानी भोपाल में 24 अप्रैल को पीएम मोदी, एक किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे. 26 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान है, जिसमें मध्य प्रदेश के टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा और होशंगाबाद लोकसभा क्षेत्रों में वोटिंग होगी.
पीएम मोदी का रोड शो पुरानी विधानसभा के सामने से शुरू होगा और रोशनपुरा चौराहे से होते हुए एपेक्स बैंक प्वाइंट के पास खत्म होगा. पीएम मोदी के स्वागत के लिए मंच बनाने का प्रस्ताव बीजेपी की तरफ से PMO भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति मिलना बाकी है. स्वीकृति के बाद ही स्वागत मंचों की संख्या तय होगी.
रोड शो ऐसे इलाके में रखा गया है, जहां से पुराने और नए भोपाल दोनों क्षेत्रों को कवर किया जा सके. भोपाल में रोड शो से पहले पीएम मोदी सागर और हरदा में चुनावी सभाएं करेंगे. 20 दिनों में पीएम मोदी का यह पांचवा मध्य प्रदेश दौरा होगा. आचार संहिता लगने के बाद 7 अप्रैल को नरेंद्र मोदी पहली बार सूबे में आए थे और जबलपुर में रोड शो किया था.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के लिए भोपाल पुलिस 22 और 23 अप्रैल को रिहर्सल करेगी, इस सिलसिले में रूट डायवर्जन होगा.



