सुने मकान में मिली 8वीं की छात्रा सलोनी, स्कूल से घर लौटते वक्त हुई थी लापता

भोपाल। साकेत नगर 2-बी सेक्टर से लापता हुई आठवीं की छात्रा सलोनी सिन्हा को दो दिन बाद शनिवार को पुलिस ने ढूंढ निकाला है। सलोनी अपने ही घर से लगभग 50 मीटर दूर स्थित एक सुने मकान में अकेली मिली है। फिलहाल सलोनी से ज्यादा पूछताछ नहीं की गई है, उसकी स्थिति को देखते हुए उसे उसके घर पर ही रखा गया है।
सलोनी सिन्हा का पता लगाने के लिए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे तलाश चुकी पुलिस को कॉलोनी में ही रहने वाले एक शख्स ने सुराग दिया था। शख्स के बताए अनुसार मौके पर पहुंची पुलिस को खाली पड़े मकान के गेट पर सलोनी का स्कूल बैग मिला था। इसके कुछ ही देर बाद उस सुने मकान से पुलिस ने सलोनी को भी बरामद किया। फिलहाल बच्ची से ज्यादा पूछताछ नहीं की गई है। एक महिला पुलिसकर्मी की सलोनी के घर पर ही ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची अभी डरी हुई है इसलिए कुछ वक्त गुजर जाने के बाद ही मेडिकल और काउंसलिंग कराई जाएगी।
चाचा अखिलेश के अनुसार, सलोनी गुरुवार को अपनी सहेली के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। इसी बीच वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी देर तलाश की, इसके बाद बागसेवनिया थाने पहुंचकर अपहरण का केस दर्ज करवाया था। सलोनी 2-बी साकेत नगर निवासी जसवंत सिन्हा की इकलौती बेटी है।




