Breaking Newsअन्य खबरेंराजनीति

अमित शाह से मिल सकते हैं, RLSP चीफ उपेन्द्र कुशवाहा

पटना: बिहार एनडीए में हर दिन सियासी घमासान मचा हुआ है. राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा लगातार नीतीश कुमार पर हमलावर हैं. सीटों को लेकर तनातनी बरकरार है. इस बीच खबर है कि उपेन्द्र कुशवाहा गुरुवार शाम शाम 5 बजे दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी मिल सकते हैं. इस मुलाकात के बाद गठबंधन में आरएलएसपी का भविष्य तय हो सकता है. जब से नीतीश कुमार और अमित शाह ने दोनों पार्टियों के बीच 50-50 सीट बंटवारे की बात की है तभी से उपेन्द्र कुशवाहा एनडीए में असहज स्थिति में हैं.

बता दें कि बीते सोमवार को आरएलएसपी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने विपक्षी नेता शरद यादव से मुलाकात की. इसके बाद एनडीए के घटक जेडीयू ने बीजेपी से कहा कि वह केंद्र और राज्य की गठबंधन सरकारों के खिलाफ कुशवाहा के अभियान का संज्ञान ले.

उपेंद्र कुशवाहा की शरद यादव से इस मुलाकात के बाद इसको लेकर अटकलें तेज हो गई कि नीतीश से बढ़ती कटुता और सीटों के प्रस्तावित बंटवारे के प्रति आपत्तियों को लेकर वह लोकसभा चुनाव से पहले खेमा बदल सकते हैं. केंद्रीय मंत्री कुशवाहा ने हालांकि इस बैठक को शिष्टाचार मुलाकात बताया. सूत्रों ने कहा कि दोनों नेताओं ने वर्तमान राजनीतिक स्थिति, विशेष तौर पर बिहार की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की.

गौरतलब है कि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह कह चुके हैं कि बीजेपी और जेडीयू 2019 में बराबर सीटों पर चुनाव लड़ेगी. आरएलएसपी ने 2014 में तीन सीटों पर चुनाव लड़ा था और तीनों में जीत दर्ज की थी. हालांकि पार्टी के एक सांसद अरूण कुमार ने पार्टी छोड़ कर अपनी अलग पार्टी बना ली है.

 

Related Articles

Back to top button