अगर नरेंद्र मोदी फिर PM बने तो शांति वार्ता के लिये बेहतर रहेगा: इमरान खान
इस्लामाबाद: पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि यदि नरेंद्र मोदी की अगुआई में बीजेपी लोकसभा चुनाव फिर से जीतती है तो दोनों देशों के बीच शांति बहाली के लिए बेहतर मौका होगा. विदेशी मीडिया से बातचीत करते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने यह भी कहा कि यदि विपक्षी कांग्रेस के नेतृत्व में भारत में अगली सरकार बनती है तो दक्षिणपंथियों के भय की वजह से शायद वह कश्मीर के मुद्दे पर बातचीत के लिए आगे नहीं बढ़े.
इमरान खान ने इंटरव्यू के दौरान कहा कि यदि बीजेपी जीतती है तो इस बात की संभावना है कि कश्मीर के मुद्दे का कोई समाधान निकल जाए. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मोदी के दौर में कश्मीरी मुस्लिम और भारत के मुस्लिम हाशिए पर हैं. उन्होंने कहा कई साल पहले तक भारतीय मुस्लिम यहां पर अपनी स्थिति को लेकर बेहद खुश थे लेकिन भारत में बढ़ते उग्र हिंदू राष्ट्रवाद के कारण अब वे बेहद चिंतित हैं.



