Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

इंदौर में ज्वेलर की कार से दो बैगों में मिले 86 लाख रुपए जब्त


इंदौर। लोकसभा चुनाव में राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों द्वारा धन के दुरुपयोग की आशंका के बीच सोमवार को नंदानगर के एक ज्वेलर की गाड़ी से 86 लाख रुपए जब्त किए गए। राऊ क्षेत्र की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम एफएसटी और एमआईजी पुलिस ने कार की घेराबंदी कर इसे एबी रोड पर होटल अमलतास के पास पकड़ लिया गया। चुनाव के दौरान की गई यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।
चुनाव खर्च निगरानी टीम के नोडल अधिकारी और अपर कलेक्टर अजयदेव शर्मा ने बताया कि राऊ के सहायक रिटर्निंग अधिकारी और एसडीएम रवि कुमार सिंह और एफएसटी दल को बड़ी मात्रा में कैश की आवाजाही की सूचना मिली। इसके आधार पर अन्य जानकारी जुटाकर टीम ने घेराबंदी की।
इसमें एमआईजी पुलिस की मदद भी ली गई। सोमवार को नकद राशि के निकलने की सटीक खबर मिलने पर मारुति की ब्रेजा कार (एमपी-09-सीएक्स-9570) का पीछा किया। कार में निखिल सोनी थे जिनकी नंदानगर में ज्वेलरी शॉप है।
एमआईजी थाना क्षेत्र में कार पहुंचने पर वहां के थाने प्रभारी को भी खबर की गई। थाना प्रभारी ने तुरंत मोटर साइकिल से पहुंचकर वाहन को रोका। एसडीएम सिंह ने बताया कि कार में रखे दो बैगों की तलाशी ली गई तो इसमें 2 हजार और 500 नोट में 86 लाख रुपए पाए गए।
पूछताछ में ज्वेलर ने बताया कि वे बैंक में पैसा जमा कराने जा रहे हैं, लेकिन उनके पास इतनी बड़ी राशि जमा करने के कोई दस्तावेज नहीं मिले। अपर कलेक्टर शर्मा ने एमआईजी थाने पहुंचकर मामले की पूरी जानकारी लेकर मामला आयकर विभाग को सौंप दिया। सहायक रिटर्निंग अधिकारी सिंह और आयकर विभाग मामले की जांच करेगा।
अब तक 1.37 करोड़ से अधिक जब्त
लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से अब तक कुल 51 लाख 36 हजार 360 रुपए की नकद राशि जब्त की जा चुकी थी। सोमवार को जब्त किए गए 86 लाख रुपए के बाद यह आंकड़ा 1.37 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। इसी तरह शराब, गांजा, ब्राउन शुगर, वाहन जब्ती आदि के तहत 1 करोड़ 85 लाख 69 हजार 161 रुपए की सामग्री जब्त की जा चुकी है।

Related Articles

Back to top button