Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

Akash Vijayvargiya के स्वागत मामले में भाजपा इंदौर नगर इकाई को न नोटिस, न पूछताछ


इंदौर। बल्ला कांड के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विधायक आकाश विजयवर्गीय व भाजपा नगर इकाई को घेरने के बाद प्रदेश भाजपा ने आकाश को तो नोटिस दे दिया, लेकिन नगर इकाई के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया। न तो नोटिस दिया गया और न ही वरिष्ठ नेताओं ने कोई पूछताछ की।
बल्ला कांड में जेल गए आकाश के वहां से बाहर आने के बाद वे भाजपा कार्यालय पहुंचे थे। यहां उनका भाजपा पदाधिकारियों ने स्वागत किया था और मिठाई बांटी थी। कार्यालय के नीचे तैनात पुलिसकर्मियों को भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाई थी। इसकी शिकायत कांग्रेस ने की थी। संसदीय समिति की बैठक में प्रधानमंत्री ने स्वागत करने वाले पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई करने के लिए कहा था।
इसके बाद माना जा रहा था कि प्रदेश संगठन नगर इकाई से भी जवाब-तलब करेगा, क्योंकि स्वागत के अलावा नगर इकाई के बैनर तले राजवाड़ा चौक पर धरना भी दिया गया था। साथ ही प्रशासन और नगर निगम अफसरों पर निशाना साधा गया था। धरने के दौरान आकाश के एक समर्थक ने आत्मदाह का प्रयास भी किया था। इस बारे में भाजपा नगर अध्यक्ष गोपी नेमा ने कहा कि अभी तक इस मामले में न कोई नोटिस आया है और न ही वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कोई बात की।

Related Articles

Back to top button