बॉक्स ऑफिस / 7 दिन में 200 करोड़ के पार पहुंचा ‘वॉर’ का कलेक्शन, 2019 की तीसरी सबसे कमाऊ फिल्म बनी


बॉलीवुड डेस्क. 2 अक्टूबर को रिलीज हुई ‘वॉर’ 2019 की सबसे तेजी से 200 करोड़ रुपए कमाने वाली फिल्म बन गई है। भारत में फिल्म ने महज 7 दिनों में इस आंकड़े को पार कर लिया है। मंगलवार (8 अक्टूबर) को दशहरे की छुट्टी का फायदा फिल्म को मिला और इसके हिंदी वर्जन के सोमवार के कलेक्शन (20.60 करोड़ रुपए) के मुकाबले करीब 7.15 करोड़ रुपए की बढ़त देखी गई। 7 दिन में फिल्म का कुल कलेक्शन 216.65 करोड़ रुपए हो गया है। इसमें हिंदी वर्जन की 208.05 करोड़ रुपए और तमिल, तेलुगु वर्जन की 8.6 करोड़ रुपए की कमाई शामिल है।
2019 की तीसरी हाईएस्ट ग्रॉसर हिंदी फिल्म
ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ स्टारर ‘वॉर’ ने बॉक्स ऑफिस पर अक्षय कुमार स्टारर ‘मिशन मंगल’ और सलमान खान स्टारर ‘भारत’ को पटखनी दे दी है। यह 7 दिन के अंदर ही इस साल की तीसरी हाईएस्ट ग्रॉसर (सबसे ज्यादा कमाई करने वाली) हिंदी फिल्म बन गई है। इस लिस्ट में अभी टॉप पर शाहिद कपूर स्टारर ‘कबीर सिंह’ और दूसरे स्थान पर विक्की कौशल अभिनीत ‘उरी : द सर्जिकल स्ट्राइक’ है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘वॉर’ के बेंचमार्क्स
1 दिन में 50 करोड़ से ज्यादा की कमाई की।
3 दिन में 100 करोड़ के पार पहुंचा कलेक्शन।
5 दिन में फिल्म का कारोबार 150 करोड़ को पार कर गया।
7 दिन में फिल्म ने 200 करोड़ के क्लब में एंट्री ली।
7 दिन में 200 करोड़ कमाने वाली चौथी बॉलीवुड फिल्म
‘वॉर’ 7 दिन में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली चौथी बॉलीवुड फिल्म है। इससे पहले ‘संजू’, ‘टाइगर जिंदा है’ और ‘सुल्तान’ यह कमाल दिखा चुकी हैं।



