Breaking Newsअन्य खबरेंराज्य

इज्तिमा 2019 / तब्लीगी इज्तिमा दुआ के चलते ट्रैफिक पुलिस ने 22 से 25 नवंबर तक के लिए बनाया ट्रैफिक प्लान


संवाददाता, ज़ीशान मुजीब
भोपाल। भोपाल के ईटखेड़ी में 22 नवंबर से आयोजित होने वाले तब्लीगी इज्तिमा की दुआ के चलते इंदौर और बैरसिया भोपाल आने वाले आम वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक परिवर्तित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने 22, 23, 24 और 25 नवंबर को शहर के ट्रैफिक के साथ ही पार्किंग की व्यवस्था की है।
अंतिम दिन 25 की सुबह 6 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश करोंद चौराहे से पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परवलिया सड़क, चोपड़ाकला बायपास चौराहा, मुबारकपुर चौराहे से भारी वाहन आगे नहीं जा सकेंगे। इसी प्रकार पटेल नगर, खजूरी सड़क, विदिशा रोड, रायसेन रोड से भी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें सीहोर, मंडीदीप और रायसेन में रोका जाएगा।
रायसेन, सीहोर व मंडीदीप में 25 को रोक दिए जाएंगे वाहन
शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक, बदले हुए रास्ते से चलेंगे।
यह रहेगी व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान मुबारकपुर से पटेल नगर नया बायपास, गांधी नगर से अयोध्या नगर, रत्नागिरी, लांबाखेड़ा से करोंद, भोपाल टॉकीज, रेलवे स्टेशन आदि इलाकों में ट्रैफिक परिवर्तित मार्ग पर चलेगा।
इंदौर से आने वाले भारी वाहनों को भोपाल-सीहोर की सीमा पर रोका जाएगा। यह वाहन इछावर और बुदनी के रास्ते डायवर्ट किए जाएंगे। होशंगाबाद जाने वाले वाहन सीहोर से झागरिया, बड़झीरी, रातीबड़, डिपो चौराहा, माता मंदिर, लिंक रोड नंबर-2, भाजपा कार्यालय होते हुए मिसरोद रोड की ओर जा सकेंगे।
गुना और राजगढ़ से आने वाले भारी वाहनों को ब्यावरा से कुरावर, श्यामपुर और सीहोर के रास्ते परिवर्तित मार्ग पर चलाया जाएगा।
रायसेन, सलामतपुर और मंडीदीप से आने वाले भारी वाहनों को मंडीदीप, बिलखिरिया-रायसेन की सीमा पर रोका जाएगा।
विदिशा से बैरसिया के रास्ते भोपाल आने वाले भारी वाहन भोपाल सीमा पर रोके जाएंगे।
बैरसिया से भोपाल की ओर आने वाले आम यात्री वाहन गोलखेड़ी, तारासेवनिया, परवलिया होकर भोपाल की ओर आ सकेंगे।
इज्तिमा के चलते पब्लिक ट्रांसपोर्ट के आवागमन में कुछ परिवर्तन किए गए हैं। 20 नवंबर से 26 नवंबर नादरा बस स्टैंड की बजाय आईएसबीटी से बसें संचालित होगी।
यह निर्णय ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को नादरा बस स्टैंड से चलने वाली बसों के ड्राइवरों और बस संचालकों से बैठक कर लिया है। इसके अलावा हमीदिया रोड पर बसों समेत अन्य भारी वाहनों के संचालन पर रोक रहेगी। एएसपी ट्रैफिक प्रदीप सिंह चौहान के अनुसार इस बार ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए शहर के एंंट्री पाइंट पर ट्रैफिक परिवर्तन के पोस्टर और फ्लैक्स लगाएं जाएंगे। इससे ईटखेड़ी जाने वाले रूट पर सिर्फ इज्तिमा में शामिल होने वाले लोग ही जाएं। गौरतलब है कि नादरा बस स्टैंड से विदिशा, बैरसिया, रायसेन, ग्यारसपुर और सीहोर के लिए बसें चलती हैं।
आपे, मैजिक में ज्यादा किराया लिया तो परमिट होगा रद्द
एएसपी चौहान ने बताया कि आपे, मैजिक और ऑटो चालकों के खिलाफ शिकायतें आ रही हैं। अगर यह तय किराए और तय सीमा से अधिक यात्री बैठाते हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहन चालकों के परमिट रद्द किए जाएंगे। किराया अधिक लेने, जाने से मना करने और तय सीमा से अधिक यात्री बैठाने की शिकायत यात्री ट्रैफिक पुलिस के हेल्प लाइन नंबर-0755-2443850 पर कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button