Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

इंदौर में माफियामुक्त, पहले दिन ही 350 पीड़ित आगे आए


इंदौर. शहर को माफियामुक्त करने के लिए पुलिस ने माफिया को टारगेट करना शुरू कर दिया है। शनिवार को पुलिस ने गुंडे हेमंत यादव को नंदानगर से गिरफ्तार कर जुलूस निकाला। वहीं, खजराना इलाके से कुख्यात भू-माफिया बब्बू उर्फ शाकिर को भी हिरासत में लिया है। एसपी पूर्व मोहम्मद यूसुफ कुरैशी ने बताया कि हेमंत को सेंट्रल कोतवाली के एक धोखाधड़ी के केस में गिरफ्तार किया है। उस पर 26 आपराधिक केस दर्ज हैं।
हेमंत व उसके कुछ साथियों को लेकर बड़ा रावला में रहने वाले श्रीकांत जमींदार ने 3 अगस्त 2010 को जमीन मामले में धोखाधड़ी की शिकायत की थी। इसके बाद 2015 और 2016 में भी इस मामले की शिकायत पुलिस में की, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया। इधर, लसूड़िया पुलिस ने भू-माफिया शिवनारायण अग्रवाल निवासी एजी स्कीम 54 को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अवैध कब्जे, धोखाधड़ी के चार केस दर्ज हैं।
दुबई से भी एक व्यक्ति ने की शिकायत
माफिया के खिलाफ शिकायत के लिए अधिकारियों के फोन नंबर जारी किए गए थे। पहले दिन ही ढाई सौ से ज्यादा फोन आए और मैसेज के जरिए 95 संदेश आए। दुबई से भी एक व्यक्ति ने निगमायुक्त को उसकी जमीन पर किए गए कब्जे की जानकारी दी।
जीतू सोनी के भाई की फैक्टरी ध्वस्त
जीतू सोनी के घर-दुकान के बाद उसके भाई महेंद्र और भतीजे जिग्नेश की फैक्टरी को भी नगर निगम ने शनिवार को जमींदोज कर दिया। सांवेर रोड स्थित फैक्टरी में शुक्रवार को ही जिला उद्योग केंद्र की टीम ने छानबीन की थी। इस दौरान फैक्टरी का न नक्शा मिला और न अनुमति।
जबलपुर में भाजपा नेता का रेस्तरां और कांग्रेस नेता का कार्यालय तोड़ा
जबलपुर | प्रशासन ने शनिवार को कई रसूखदारों के अवैध निर्माण तोड़ दिए। 100 कर्मचारियों की टीम सबसे पहले ओमती रपटा पहुंची। यहां नाले पर अवैध तरीके से अब्दुल रज्जाक द्वारा बनाए गए पार्क के झूले, गेट आदि तोड़ दिए। इसके बाद चौथा पुल पर भाजपा नेता प्रणीत वर्मा के 70 एमएम रेस्तरां को धराशायी कर दिया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने पुलिस से विवाद और झूमा-झटकी भी की। इसके अलावा भानतलैया में सड़क किनारे बना कांग्रेस प्रदेश सचिव गजेंद्र सोनकर और उनके भाई पार्षद धर्मेंद्र सोनकर का कार्यालय भी तोड़ िदया गया।

Related Articles

Back to top button