Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

बर्फीली हवा से ठिठुरा मप्र, पचमढ़ी में 1, टीकमगढ़ में 1.5 डिग्री पर आया तापमान


इंदौर/भोपाल। बर्फीली हवा से पूरा सूबा ठिठुरने लगा है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात प्रदेश के सभी संभागों में शीतलहर का असर रहा। पचमढ़ी में 1 और टीकमगढ़ में पारा 1.5 डिग्री से. पर आ गया। उमरिया, डिंडौरी में 2, दमोह में 2.5, रायसेन, नौगांव, बैतूल, दतिया, श्योपुरकला में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर संभाग के खरगोन में तापमान 3.7 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं इंदौर में 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों ने रविवार को भी ठंड के तेवर तीखे बने रहने के आसार जताए हैं। सोमवार के बाद बाद ठंड से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। भोाल, सागर, ग्वालियर, चंबल, सागर, शहडोल संभाग में कहीं-कहीं पाला पड़ने से सब्जी, चने की फसल को नुकसान पहुंचा है। मंडला जिले के कान्हा नेशनल पार्क में सुबह तापमान 0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
इसलिए बढ़ी सर्दी… मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एसएन साहू ने बताया कि उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। वर्तमान में औसत 14 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर भारत की तरफ से आ रही उत्तरी हवा से प्रदेश ठिठुर रहा है। इस तरह की स्थिति रविवार को भी बनी रहेगी।
मालवा- निमाड़ : फसलों पर असर, जम रही ओंस
मालवा-निमाड़ में शीतलहर से दूसरे दिन शनिवार को भी बेहाल किया। खरगोन में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री रहा। शाजापुर में आलू की फसलों के मुरझाने की खबर है। खेतों में बर्फ की परत नजर आई तो वहीं चीलर नदी कि नारे खड़ी कारों पर ओस की बूंदें जम गईं।
इंदौर में शुक्रवार को रही दिसंबर की सबसे सर्द रात
शुक्रवार को शहर में दिसंबर माह की सबसे सर्द रात रही। इस दौरान न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम था। बीते 24 घंटे में इस रात के तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने इसे कोल्ड डे घोषित किया। वहीं दिन का तापमान भी एक डिग्री नीचे आया। शनिवार को अधिकतम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4 डिग्री कम रहा।

Related Articles

Back to top button