‘उप चुनाव छह माह के लिए टालें, कोरोना से जनता का जीवन बचाएं’


जबलपुर। भारत के पूर्व असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल राधेलाल गुप्ता ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्य चुनाव आयुक्त को एक पत्र भेजा है। इसके जरिये मध्य प्रदेश में उप चुनाव छह माह के लिए टालने और कोराना से जनता का जीवन बचाने पर बल दिया गया है।
श्री गुप्ता का कहना है कि राज्य में करोना महामारी अत्यंत गंभीर रूप धारण कर चुकी है। हर वर्ग के मरीजों की संख्या व मत्युदर तेजी से बढ़ रही है। सरकारी अस्पतालों में प्राथमिक उपचार के लिए स्थान, इंजेक्शन व दवाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। आम जनता को इंजेक्शन एवं दवाएं बाजार से खरीदना पड़ रही हैं, जिसमें प्रति मरीज लगभग 50 हजार खर्च आता है। अतः तत्काल करोना महामारी के प्राथमिक उचित इलाज की व्यवस्था की जाए तथा सरकारी अस्पतालों में इंजेक्शन, दवाइयों की एवं बिस्तरों की व्यवस्था की जाए।
वर्तमान में मध्य प्रदेश का पूरा सरकारी अमला आगामी उप चुनाव में व्यस्त है। सरकार का पूरा ध्यान आगामी चुनाव पर केंद्रित है। ऐसी स्थिति में उचित होगा कि प्रदेश में होने वाले उपचुनाव को छह माह के लिए स्थगित किया जाए क्योंकि जनता का जीवन बचाना एवं मृत्यु टालना प्राथमिकता है न कि चुनाव। लिहाजा, उचित कदम उठाते हुए चुनाव को स्थगित किया जाए एवं मध्य प्रदेश की भयावह स्थिति को देखते हुए उपचार की उचित व्यवस्था की जाए।



