Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

गृह मंत्री ने माफी मांगी:नरोत्तम मिश्रा ने पहले कहा था- मैं मास्क नहीं लगाता; अब बोले- गलती हुई, माफी मांगता हूं, अब मास्क पहनूंगा, आपसे भी अपील- मास्क जरूर पहनें

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मास्क नहीं लगाने के बयान पर माफी मांगी है। उन्होंने गुरुवार सुबह एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि मुझसे गलती हुई है। माफी मांगता हूं। अब मास्क पहनूंगा। लोगों से भी अपील करूंगा कि मास्क पहनें।
एक दिन पहले कहा था- मैं मास्क नहीं पहनता
नरोत्तम बुधवार को इंदौर में थे। यहां वे चार घंटे तक अलग-अलग सरकारी कार्यक्रमों में शामिल हुए। इनमें खासी भीड़ भी थी, लेकिन मंत्री ने मास्क नहीं लगाया। मीडिया ने सवाल किया तो उन्होंने कहा, ‘मैं कभी मास्क नहीं पहनता। इसके बाद मंत्री मिश्रा कांग्रेस समेत लोगों के निशाने पर आ गए थे।’
कांग्रेस ने कहा था- गृह मंत्री को मास्क पहनाओ, 11 हजार इनाम पाओ
कांग्रेस नरोत्तम के मास्क नहीं लगाने का विरोध कर रही थी। उसने उन्हें मास्क पहनाने वाले को 11 हजार रुपए का इनाम देने का ऐलान किया था। इस पर गृह मंत्री ने कहा था कि यह रकम मुझे मास्क पहनाने पर खर्च करने की बजाय लोगों की मदद में खर्च करें। हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री के कहने पर मास्क पहनना शुरू कर दिया था।
गृह मंत्री के माफी मांगने पर कांग्रेस ने कहा है- देर आए दुरुस्त आए। पार्टी के मीडिया को-ऑर्डिनेटर नरेंद्र सलूजा ने कहा कि गृह मंत्री मास्क नहीं पहने और प्रदेश की जनता से मास्क नहीं पहनने पर चौराहे-चौराहे जुर्माना वसूला जा रहा है, यह कैसा दोहरा कानून है? इंदौर में नगर निगम मास्क नहीं पहनने वालों से 200 रुपए का स्पॉट फाइन वसूल रही है। यहां 22 सितंबर को ही निगम टीम ने 339 लोगों से 65 हजार 400 रुपए वसूले थे।
इससे पहले भी अजीब मास्क के कारण सुर्खियों में रहे
कुछ दिनों पहले गृह मंत्री का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वे अपने ही चेहरे के प्रिंट वाला मास्क पहने दिखे थे। हालांकि, यह मास्क वे दोबारा पहने नहीं दिखे।

Related Articles

Back to top button