Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश उपचुनाव की 28 सीटों के एग्जिट पोल; शिवराज सरकार या आएंगे कमलनाथ


संवाददाता, ज़ीशान मुजीब
भोपाल। मध्य प्रदेश के 28 विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव के नतीजे तो 10 नवंबर को आएंगे, लेकिन एग्जिट पोल से भाजपा को राहत मिली है। इसके नतीजों के अनुसार, प्रदेश में भाजपा की सरकार बरकरार रहेगी।
कांग्रेस को बहुमत का आंकड़ा नहीं मिल पाएगा। एग्जिट पोल के नतीजों से भाजपा में उत्साह है तो कांग्रेस ने इसे अविश्वसनीय बताया है। आज तक न्यूज चैनल के एग्जिट पोल के अनुसार, भाजपा को 16 से 18 तो कांग्रेस को 10 से 12 सीटें मिल रही हैं। अनुमान जताया गया है कि भाजपा को करीब 46 तो कांग्रेस को करीब 43 फीसद वोट मिलेंगे।
मध्य प्रदेश विधानसभा की दलीय स्थिति
भाजपा – 107
कांग्रेस – 87
बसपा – 02
सपा- 01
निर्दलीय- 04
रिक्त -01
कुल सीट- 230
बहुमत के लिए जरूरी सीटें- 115
मध्य प्रदेश की 28 सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव का एग्जिट पोल जारी कर दिया गया है। आज तक चैनल की ओर से जारी एग्जिट पोल में 28 सीटोंं के उपचुनाव में भाजपा को 46 और कांग्रेस को 43 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है।
उल्‍लेखनीय है कि मध्‍य प्रदेश में सत्‍ता के ल‍िहाज से इन 28 सीटों पर उपचुनाव काफी महत्‍वपूर्ण माने जा रहे हैं। इनसे ही राज्‍य की शिवराज सिंह चौहान सरकार और कांग्रेस अध्‍यक्ष कमल नाथ का राजनीतिक भविष्‍य तय होगा।
मध्‍य प्रदेश में ग्‍वालियर, डबरा, बमोरी, सुरखी, सांची, सांवेर, सुमावली, मुरैना, दिमनी, अंबाह, मेहगांव, गोहद, ग्‍वालियर पूर्व, भांडेर,करैरा, पोहरी, अशोकनगर, मुंगावली, अनूपपुर, हाटपिपल्‍या, बदनावर, सुवासरा, बड़ा मलहरा, नेपानगर, मांधाता, जौरा, आगर और ब्‍यावरा सीट के लिए उपचुनाव कराए गए हैं।
इन सीटों के लिए तीन नवंबर को मतदान कराया गया था, जबकि वोटों की गिनती 10 नवंबर को की जाएगी। मतदान के दिन से ही दोनों दल अपने-अपने दावे कर रहे हैं। ग्‍वालियर-चंबल अंचल की एक दर्जन से अधिक सीटों को इन चुनावों में काफी अहम माना जा रहा है।
कांग्रेस और कमल नाथ बौखला रहे हैं – शिवराज
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमने पहले ही कहा था शानदार सफलता प्राप्त करेंगे। कांग्रेस और कमल नाथ बौखला रहे हैं। पहले से ही हार की भूमिका बना रहे हैं। जोड़-तोड़ करने का आरोप लगा रहे हैं। भाजपा तो किसी के पास गई नहीं थी । कांग्रेस के मित्र ही भाजपा के पास आए थे । अब हार को स्वीकार करें।
हमें जनता के पोल पर विश्वास- सलूजा
उधर, पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की ओर से एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया नहीं दी गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमें जनता के पोल पर विश्वास है। हम एग्जिट पोल के नतीजों को नहीं मानते। दस नवंबर को नतीजे आने दीजिये, कांग्रेस 28 में से 28 सीटें जीत रही है।
सभी 28 सीटों पर हम जीतने की स्थिति में – दीपक विजयवर्गीय
प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डा. दीपक विजयवर्गीय ने कहा कि एग्जिट पोल भाजपा के पक्ष में नतीजे बता रहा है। जहां तक सीटों की बात है तो हमारे फीडबैक के मुताबिक, सभी 28 सीटों पर हम जीतने की स्थिति में हैं। हमें आशा है कि हमारी अपेक्षा के अनुरूप ही नतीजे आएंगे।
10 नवंबर आने दीजिए- पंकज चतुर्वेदी
यह तो एग्जिट पोल का नतीजा है ।10 नवंबर आने दीजिए ,भाजपा सभी 28 सीटें जीतेगी। कांग्रेस और कमल नाथ की गलतफहमी दूर हो जाएगी कि वह जननेता हैं। ना तो कांग्रेस का जनाधार बचा है ना कोई जन नेता बचा है ।
एग्जिट पोल के मुताबिक संभावित स्थिति
स्थिति- 1
भाजपा को 18 सीटें मिलीं तो…
भाजपा के पास विधानसभा में सदस्य संख्या 125 हो जाएगी।
कांग्रेस को 12 सीटें मिलीं तो…
कांग्रेस के पास विधानसभा में सदस्य संख्या 99 हो जाएगी।
अन्य दल व निर्दलीय विधायकों की संख्या सात है। यदि कांग्रेस इन्हें भी अपने साथ लाती है तो विधायकों की संख्या 106 होगी। यानी उसे बहुमत (115) के लिए नौ और विधायकों की जरूरत होगी।
स्थिति- 2
भाजपा 125 विधायकों के संख्या के बावजूद अन्य सात विधायकों को अपने साथ रखे ताकि तोड़फोड़ होती है तो भी पार्टी मजबूत स्थिति में रहे।

Related Articles

Back to top button