Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

फर्जी लेडी सिंघम: भोपाल में रौब दिखाने के लिए वर्दी पहनकर निकलती थी; हफ्ता वसूली और लोगो पर रौब झाड़ने का मामला आया सामने

भोपाल में 22 साल की लड़की के पुलिस की वर्दी पहनकर रौब झाड़ने का मामला सामने आया है। आरोपी लेडी सिंघम पिछले करीब 10 दिन से सक्रिय थी और इलाके में लोगों को यहां-वहां खड़े होने पर डांट फटकार भी लगाती थी। उसके हफ्ता वसूल किए जाने की भी शिकायतें आई हैं। लोगों की सूचना पर निशातपुरा पुलिस ने शनिवार देर रात घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर वर्दी पहन कर घूमने का कारण पता लगा रही है।

भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड में रहने वाली 22 साल की प्रियंका अहिरवार बेरोजगार है। टीआई निशातपुरा महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि शनिवार रात एक लड़की के पुलिस की वर्दी पहनकर इलाके में घूम कर लोगों को डांट फटकार लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी कर करोंद इलाके से लड़की को हिरासत में ले लिया।
वह सिपाही की वर्दी पहनी हुई थी। हैरानी की बात है कि उसके पास बेल्ट, कैप और नेम प्लेट तक लगा रखी थी। पूछताछ में उसने बताया कि वह पुलिस में नहीं है। बस रौब दिखने के लिए वर्दी पहनकर निकलती थी। वह ऐसा पिछले 10 दिनों से कर रही थी। वह डंडा लेकर लोगों को डांटती रहती थी। हालांकि अब तक यह नहीं पता चल पाया है कि उसने कितने लोगों से पैसे लिए, लेकिन वह इलाके में लोगों से हफ्ता वसूली की भी कोशिश कर रही थी।

मां के साथ रहती है प्रियंका
पुलिस के अनुसार प्रियंका कोई काम नहीं करती है और ना ही पढ़ाई करती है। वह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी करोंद में अपनी मां के साथ रहती है। अभी तक उसके पिता के बारे में जानकारी पुलिस को नहीं मिल पाई है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि आखिर उसने पुलिस की वर्दी का सहारा क्यों लिया। पुलिस प्रियंका की मां से भी आज पूछताछ कर सकती है।

Related Articles

Back to top button