Breaking Newsअन्य खबरेंभोपाल

शराब दुकान के खिलाफ उमा का सुंदरकांड पाठ:बोलीं- शराब नीति हमारे अनुसार नहीं आई तो जो होगा, उसे कोई रोक नहीं पाएगा

शराब दुकान के खिलाफ उमा का सुंदरकांड पाठ:बोलीं- शराब नीति हमारे अनुसार नहीं आई तो जो होगा, उसे कोई रोक नहीं पाएगा

भोपाल का अयोध्या नगर इलाके के जिस मंदिर में पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा नेता उमा भारती ने तीन दिन से डेरा डाल रखा था, आज शाम वे वहां से चली गईं। वे मंदिर के सामने स्थित शराब दुकान व प्रदेश की शराब नीति के विरोध में मंदिर में रहकर विरोध कर रही थीं। यहां से जाने से पहले उन्होंने राज्य सरकार को खुली धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश की शराब नीति हमारे अनुरूप नहीं आई तो शराब दुकानों पर जो होगा वो नजीर बनेगा। उमा ने बताया कि वे यहां से ओरछा जाएंगी, जहां नियमविरुद्ध शराब दुकानों में गायें बांधेंगी।

मंदिर के सामने स्थित शराब दुकान के विरोध को लेकर उमा ने कहा, पुलिसवालों को डर रहा था कि कहीं दीदी रात में दुकान में आग न लगा दें। मैं किसी एक दुकान के खिलाफ नहीं हूं, लेकिन अगर शराब नीति में हमारे अनुकूल नहीं आई, तो फिर जो होगा, उसको कोई रोक नहीं पाएगा। फिर वो हजारों दुकानों पर होगा। वो एक नमूना होगा इस बात का कि लोकतंत्र में अगर जनता की आवाज नहीं सुनोगे तो उसके परिणाम क्या होते हैं। उन्होंने कहा, अभी पता चला है कि शराब नीति पर फैसला एक-दो दिन के लिए टाल दिया गया है।

मधुशाला को बनाएंगी गौशाला

मीडिया से बात करते हुए उमा ने कहा- आज मैं यहां से बुंदेलखंड की अयोध्या ओरछा जा रही हूं। शराब नीति पर सरकार का फैसला ओरछा में रहकर सुनेंगे। वहां जो नियम विरुद्ध शराब की दुकान खुली है उसमें 11 गायों को बांधकर मधुशाला में गौशाला की शुरुआत करेंगी।

राजधानी के जिस हनुमान और दुर्गा मंदिर में बीते तीन दिन से उमा भारती ने डेरा डाल रखा था। उसके ठीक सामने रोड की दूसरी तरफ एक शराब दुकान है। उनके विरोध को देखते हुए पहले पर्दा लगाकर शराब दुकान को ढंक दिया गया था, वहीं मंगलवार को दुकान को बंद भी कर दिया गया।

सीएम बोले- उमा जी अद्भुत नेता

भोपाल में एक कार्यक्रम में सीएम ने कहा- आपने उमा दीदी के बारे में बताया, सच में अद्भुत हैं उमा दीदी, वह मिशन पर हैं, लक्ष्य को लेकर काम कर रही हैं। मैं भी उनका हृदय से सम्मान करता हूं। हम लोग अभी ऐसी नई शराब नीति लेकर आएंगे जिसमें नशे को हतोत्साहित करने का काम किया जाएगा और मां-बहन-बेटियों के सम्मान का ध्यान रखा जाएगा। यह संकल्प किया है। समाज में ऐसे लोग भी होने चाहिए जो समाज के बीच में रहकर समाज के सुधार के काम में लग उसे सही दिशा में ले जाएं।

Related Articles

Back to top button