Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

भोपाल पुलिस का एक्शन मोड: रात में लूट, सुबह सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी

भोपाल पुलिस का एक्शन मोड: रात में लूट, सुबह सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी

भोपाल: देर रात मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। थाना हबीबगंज और थाना चूनाभट्टी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपी और एक नाबालिग को पकड़ा गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
दरअसल, पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर शहर में रात्रि गश्त और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित संजू ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वह देर रात करीब 1:30 बजे डिलीवरी देने जा रहा था। जैसे ही वह 12 नंबर स्टॉप से ई-7 अरेरा कॉलोनी की ओर मुड़ा, तभी पैदल जा रहे तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और झूमाझटकी करते हुए उसका वीवो टी-4 5जी मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के तुरंत बाद पीड़ित पास में चल रही पुलिस चेकिंग टीम के पास पहुंचा और पूरी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और राहगीरों की मदद से आरोपियों को ई-7 अरेरा कॉलोनी इलाके से पकड़ लिया।

आरोपियों से बरामद हुआ लूटा गया मोबाइल

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आशीष कनाडे, मनीष बंसल और बृजेश बानखेड़े बताए। पुलिस ने आशीष कनाडे के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया। इस मामले में थाना हबीबगंज में अपराध क्रमांक 327/26 के तहत धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हबीबगंज निरीक्षक संजीव चौकसे, थाना प्रभारी चूनाभट्टी निरीक्षक धर्मेंद्र मौर्य सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button