MP में कर चोरी पर सख्ती, फर्जी बिलिंग और अवैध कारोबार पकड़ने के लिए शुरू हुआ इन्फार्मेशन मॉड्यूल
MP में कर चोरी पर सख्ती, फर्जी बिलिंग और अवैध कारोबार पकड़ने के लिए शुरू हुआ इन्फार्मेशन मॉड्यूल


भोपाल। मध्य प्रदेश में कर चोरी, फर्जी बिलिंग और बिना बिल के व्यापार पर लगाम लगाने के लिए वाणिज्यिक कर विभाग ने नया इन्फार्मेशन मॉड्यूल शुरू किया है।
इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से नागरिक अब कर संबंधी अनियमितताओं, अवैध गोदामों और संदिग्ध व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी सीधे विभाग तक सुरक्षित तरीके से पहुंचा सकेंगे।
सरकार का मानना है कि इससे कर अपवंचन पर प्रभावी नियंत्रण के साथ राजस्व संग्रहण में भी वृद्धि होगी।
नागरिक सीधे दे सकेंगे शिकायत
नए मॉड्यूल के जरिए आम नागरिक बिना बिल के कारोबार, फर्जी बिलिंग, कर चोरी और अन्य अनियमित गतिविधियों की सूचना ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। विभाग इन सूचनाओं का विश्लेषण और सत्यापन करेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डैशबोर्ड पर दिखेगी कार्रवाई की स्थिति
विभाग ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नागरिक पोर्टल पर विशेष डैशबोर्ड भी तैयार किया है। इसके माध्यम से शिकायतों के निराकरण की स्थिति और विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी साझा की जाएगी। इससे शिकायत प्रक्रिया अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनेगी।
कर अपवंचन रोकने में मिलेगी मदद
उप मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि राज्य में कर अपवंचन रोकने, राजस्व बढ़ाने और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह मॉड्यूल विकसित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को इसकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
नागरिकों से जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग की अपील
वाणिज्यिक कर आयुक्त अनय द्विवेदी ने नागरिकों से अपील की है कि वे राज्यहित में इस मॉड्यूल का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। उनका कहना है कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से निष्पक्ष और पारदर्शी व्यापारिक वातावरण को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही शासन की विकास योजनाओं के लिए आवश्यक राजस्व संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी।
विशेष संवाददाता, ज़ीशान मुजीब



