भोपाल के बड़े तालाब में दिखा तिरंगे का जलवा, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निकाली नौका यात्रा, खिलाड़ियों ने दिखाया जल क्रीड़ा कौशल
भोपाल के बड़े तालाब में दिखा तिरंगे का जलवा, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निकाली नौका यात्रा, खिलाड़ियों ने दिखाया जल क्रीड़ा कौशल


भोपाल। हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को भोपाल के बड़े तालाब पर आयोजित विशाल तिरंगा नौका यात्रा ने राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का अनूठा दृश्य प्रस्तुत किया।
बोट क्लब पर आयोजित इस आयोजन में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने तिरंगा थामकर नौका यात्रा का नेतृत्व किया और खिलाड़ियों तथा नागरिकों का उत्साहवर्धन किया। बड़ी संख्या में नावों और तिरंगे के विशेष गठन से जल सतह पर विशाल तिरंगा दिखाई दिया।
विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा भारत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के सबसे युवा देश के रूप में अपने सामर्थ्य के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। बड़े तालाब की लहरों पर तिरंगा यात्रा का दृश्य अद्भुत और रोमांचकारी रहा।
जल में तिरंगा यात्रा निकालकर मध्यप्रदेश ने देशभक्ति की भावना को नया आयाम दिया है। उन्होंने कहा कि यह गौरवपूर्ण दृश्य प्रदेश की एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने तिरंगे के रंगों के गुब्बारे आसमान में छोड़े और देशभक्ति गीतों के बीच खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
उन्होंने बड़े तालाब में बत्तखों और मछलियों को दाना भी खिलाया। कयाकिंग और कैनोइंग के खिलाड़ियों ने तिरंगे के साथ जल क्रीड़ा कौशल का प्रदर्शन किया। केनो सलालम प्रदर्शन भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।
पूरा देश हो रहा तिरंगामय
खेल व युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरा देश तिरंगामय हो रहा है। आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि देश का तिरंगा जल, थल और नभ में शान से लहराए, यही आयोजन का उद्देश्य है।
यात्रा में युवा खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्यमंत्री कृष्णा गौर, महापौर मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी और रविंद्र यती सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



