मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से आसान होगा प्रदेशवासियों का सफर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से आसान होगा प्रदेशवासियों का सफर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में प्रदेशवासियों को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की सौगात दी।
उन्होंने भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सात शहरों की 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के बाद स्वयं भेल दशहरा मैदान से टिकिट लेकर बस से ही मुख्यमंत्री निवास पहुंचे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेशवासियों को सुगम, सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू की जा रही है। इस सेवा से शहरी ग्रामीण क्षेत्रों में बस कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा। प्रदेश की 75% ग्राम पंचायतों तक परिवहन सेवा का विस्तार होगा। इस इण्टरसिटी और इण्टर स्टेट बस सेवा के अंतर्गत अगले 5 वर्षों में 3500 से अधिक मार्गों पर 15 हजार से अधिक बसों का चरणबद्ध विस्तार होगा।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में नगरों, छोटे कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों तक आम आदमी के लिए सफर आसान होगा। यह ऐसा एकीकृत परिवहन तंत्र है जो यात्रा के समय को कम करेगा और सफर को अधिक सुगम बनाएगा। पूरे प्रदेश में आधुनिक-सुविधाजनक बस स्टॉप, बस टर्मिनल और निजी बस ऑपरेटरों के लिए बस डिपो विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा में ऑनलाइन टिकटिंग, ईवी और सीएनजी बसों को प्राथमिकता देते हुए पर्यावरण अनुकूल आधुनिक बसें, शामिल होंगी। यात्री फीडबैक के आधार पर शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 24×7 कस्टमर केयर सुविधा रहेगी।

कार्यक्रम स्थल से बसों को झंडी दिखाकर किया रवाना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के भेल दशहरा मैदान पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के गान के साथ आरंभ हुआ। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा पर लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत बसों का सिंगल क्लिक से लोकार्पण किया तथा कार्यक्रम स्थल से बसों का झंडी दिखाकर रवाना किया।
जनता की सेवा के संकल्प की पूर्ति में लिखा गया नया अध्याय
मुख्यमंत्री ने भेल दशहरा मैदान पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मोत्सव 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के अवसर पर सेवा संकल्प माह और एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 21 साल बाद मध्य प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन बस सेवा पुन: शुरू हो रही है। जनता की सेवा के संकल्प की पूर्ति का नया अध्याय लिखा गया है। हमारी सड़क परिवहन सेवाओं का लाभ प्रदेश के दूर-दराज स्थित जनजातीय क्षेत्रों को भी मिलेगा। गरीब और जरुरतमंदों के लिए प्रदेश सरकार ने सेवा का संकल्प लिया है। केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी के माध्यम से प्रदेश में सड़कों और हाईवे का जाल बिछ रहा है।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए हैं विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन के एक आधुनिक और यूनिक मॉडल की शुरुआत हो रही है। बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, पैनिक बटन, इमरजेंसी डोर, जीपीएस मॉनिटरिंग, ऑनलाइन टिकटिंग, शिकायतों के समाधान सहित कई प्रकार से मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। बस ड्राइवरों की ट्रेनिंग और सुरक्षा के प्रबंधन भी किए गए हैं। वर्ष 2029 तक सभी रूटों पर भगवा रंग की बसें दौड़ती नजर आएंगी, जो प्रमुख शहरों के साथ देश के प्रमुख तीर्थस्थलों और महानगरों तक आवागमन को सुगम बनाएंगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड, बस स्टॉप और चार्जिंग स्टेशनों के साथ सुव्यवस्थित नियंत्रण प्रणाली भी लागू की गई है।
प्रदेशवासियों की आशा और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त हुए बालाघाट जिले को नई सौगात मिलने जा रही है। हमारी सरकार ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और शांति के लिए चुनौती बने सभी संकटों को समाप्त किया है। हमारी सरकार ने भोपाल से यूनियन कार्बाइड के अपशिष्ट का समुचित प्रबंधन करते हुए निष्पादन किया है। प्रदेशवासियों की आशा और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सभी मंत्रीगण संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने बिजली, पानी, सड़क और ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है।
सभी क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार और नौकरी के उपलब्ध हैं अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। सभी क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार और नौकरी के अवसर दिए गए हैं। पिछले एक साल में 85 हजार से अधिक शासकीय पदों पर भर्ती की गई है। गुरुवार 24 सितम्बर को ही खनिज विभाग के निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। पुलिस विभाग में 18 हजार पद, शिक्षक भर्ती और असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। प्रदेश सरकार मौजूदा वर्ष में एक लाख शासकीय पदों पर भर्ती करेगी। दूसरी ओर, किसान कल्याण वर्ष में प्रदेशवासियों को दो नदी जोड़ो अभियान केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना की सौगात मिली है। प्रदेश में गरीब-जरूरतमंदों को एयर एंबुलेंस की सुविधा मिल रही है। गरीब से गरीब की जान बचाना हमारी सरकार का संकल्प है।
कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री गडकरी, परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी संबोधित किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, भोपाल के प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, राज्य मंत्री कृष्णा गौर, भोपाल महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, विष्णु खत्री, भगवान दास सबनानी उपस्थित थे।
दो एमओयू का हुआ आदान-प्रदान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री गडकरी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के संचालन के लिए मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के प्रबंध संचालक मनीष सिंह तथा स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर भोपाल के निर्देशक प्रोफेसर डॉ. कैलाश राव एम के बीच एमओयू का आदान-प्रदान हुआ। इस एमओयू का उद्देश्य स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर, भोपाल और मध्यप्रदेश यात्री परिवहन और इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के बीच सहयोग का एक ढांचा स्थापित करना है ताकि सबूत-आधारित परिवहन योजना, नीति निर्माण, शोध, नवाचार और संस्थागत क्षमता निर्माण में मदद मिल सके। दोनों पक्ष मिलकर सड़क और सार्वजनिक परिवहन सुरक्षा, यातायात इंजीनियरिंग, शहरी और ग्रामीण Mobility, यात्री किराया अर्थशास्त्र, परिवहन नीति, और संबंधित परिवहन क्षेत्रीय हस्तक्षेपों जैसे क्षेत्रों में अध्ययन, तकनीकी सहायता और ज्ञान साझा करने की पहल करेंगे।
मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एमपीवायपीआईएल) तथा आईआईएम इंदौर के मध्य सार्वजनिक परिवहन नवाचार एवं साझेदारी सेल की स्थापना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर कर आदान प्रदान किया गया। इसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन नवाचार एवं साझेदारी सेल की स्थापना करना है। इस सेल के माध्यम से एमपीवायपीआईएल के सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र की प्रमुख चुनौतियों एवं आवश्यकताओं की पहचान कर, आईआईएम इंदौर के इनक्यूबेसन इकोसिस्टम से जुड़े स्टार्टअप्स, उद्यमियों एवं औद्योगिक भागीदारों को नवाचारी एवं तकनीक-आधारित समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। एमओयू के माध्यम से व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा। AI आधारित मोबिलिटी सॉल्यूशन, परिचालन दक्षता, यात्री सुरक्षा, सुगम्यता, मल्टीमोडल कनेक्टिविटी एवं ग्रीन मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों पर केंद्रित होगा। सफल एवं व्यवहार्य समाधानों को प्रचलित शासकीय प्रक्रियाओं के अनुरूप अपनाने एवं विस्तारित करने में सहयोग प्रदान किया जाएगा। इससे मध्य प्रदेश में सुरक्षित, कुशल, टिकाऊ, तकनीक-सक्षम एवं नागरिक-केंद्रित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित की जा सके।



