ठाकरे के कलेक्शन में हुई 66 फीसदी की बढ़ोतरी, 150 करोड़ के करीब पहुंची उरी की कमाई


बालासाहब ठाकरे की बायोपिक ठाकरे बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार कर रही है। 25 जनवरी को रिलीज हुई नवाजुद्दीन सिद्दीकी और अमृता राव स्टारर इस फिल्म ने दो दिन में कुल 16 करोड़ रुपए की कमाई की है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के अनुसार, विकी कौशल स्टारर फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक का कलेक्शन 150 करोड़ के करीब पहुंच गया है।
महाराष्ट्र में मिला सबसे ज्यादा फायदा: पहले दिन फिल्म के हिन्दी और मराठी वर्जन ने कुल 6 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। दूसरे दिन फिल्म के कलेक्शन में 66.67 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई और फिल्म का कलेक्शन बढ़कर 16 करोड़ रुपए हो गया। तरण के मुताबिक, शनिवार को गणतंत्र दिवस की छुट्टी होने का फायदा फिल्म को मिला। फिल्म की कमाई महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा बढ़ी है। हालांकि, बाकी के रीजन में भी फिल्म के कारोबार में तेजी देखी गई।
मणिकर्णिका के साथ हुई थी क्लैश: अभिजीत पानसे के निर्देशन में बनी फिल्म ठाकरे बॉक्स ऑफिस पर कंगना रनोट की फिल्म मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी के साथ क्लैश हुई है। रानी लक्ष्मीबाई के जिंदगी पर बेस्ड मणिकर्णिका दो दिन में भारतीय दर्शकों से 26.85 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी है। फिल्म क्रिटिक्स द्वारा ठाकरे को बहुत अच्छी रेटिंग नहीं दी गई थी लेकिन नवाज की एक्टिंग की सराहना जरूर की गई है। ऐसे में फिल्म की कमाई में तेज बढ़ोतरी मेकर्स के लिए राहत की बात होगी।
उरी के कलेक्शन में 221 फीसदी की बढ़ोतरी: 11 जनवरी को रिलीज हुई सर्जिकल स्ट्राइक पर बेस्ड फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक को भी गणतंत्र दिवस की छुट्टी का फायदा मिला। शनिवार को फिल्म ने 9.75 करोड़ रुपए की कमाई की। जो इसके पिछले दिन की कमाई (4.40 करोड़) का 221 फीसदी था। इस तरह फिल्म की कुल कमाई 148.18 करोड़ रुपए हो गई है। यह फिल्म अब तक मुंबई रीजन में 50 करोड़ और दिल्ली-यूपी रीजन में 25 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है।



