एडीजी मिश्रा के पिता की जांच के मामले में रिपोर्ट पीएचक्यू को सौंपी


पुलिस मुख्यालय आज ले सकता है जांच को लेकर निर्णय
राज्य मानव अधिकार आयोग ने 23 तक मांगी थी जांच रिपोर्ट
भोपाल। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (चयन) राजेंद्र मिश्रा के पिता कुलामणि मिश्रा की मेडिकल जांच के मामले में एसपी साउथ संपत उपाध्याय ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (शिकायत) विपिन माहेश्वरी को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। अब पुलिस मुख्यालय संभवतः सोमवार को रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई का निर्णय लेगा। रिपोर्ट सौंपने की जानकारी एसपी उपाध्याय द्वारा दी गई, हालांकि रिपोर्ट मिलने की पुष्टि एडीजी माहेश्वरी द्वारा नहीं की गई है।
मालूम हो कि बीते एक सप्ताह से एडीजी मिश्रा के पिता की मेडिकल जांच का मामला सुर्खियों में है। राज्य मानव अधिकार आयोग ने कुलामणि मिश्रा के स्वास्थ्य की छह सदस्यीय मेडिकल बोर्ड से पुलिस की निगरानी में जांच करवाने को कहा था। साथ ही 23 फरवरी को रिपोर्ट सौंपने पुलिस महानिदेशक वीके सिंह को कहा था। इसके बाद सिंह ने इस मामले में एडीजी माहेश्वरी को समन्वय की जिम्मेदारी देते हुए मेडिकल जांच करवाने के निर्देश दिए थे। 22 फरवरी को एलोपैथी और आयुर्वेद के छह विशेषज्ञों का बोर्ड गठित हुआ और 23 फरवरी की सुबह बोर्ड एसपी संपत उपाध्याय की अगुवाई में 74 बंगले स्थित एडीजी मिश्रा के बंगले पर जांच के लिए पहुंचा था, जहां बोर्ड को बंगले के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। एडीजी मिश्रा ने उनके घर में किस कानून के तहत अंदर आने का सवाल स्थानीय पुलिस से किया था, देर शाम तक मेडिकल जांच नहीं होने के बाद एसपी उपाध्याय ने कार्रवाई की रिपोर्ट पीएचक्यू भेज दी। संभवतः पुलिस मुख्यालय अब मामले की मौजूदा स्थिति से ही आयोग को अवगत कराएगा।
पुलिस अफसरों को पहले से ही था अंदेशा
एडीजी के बंगले में प्रवेश नहीं मिलने का स्थानीय पुलिस अफसरों को पहले से ही अंदेशा था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस मामले में पहले ही अपनी राय रख चुके थे, जिसमें उनका मानना था कि पुलिस के पास इस मामले में न तो कोई शिकायत है और न ही कोई फरियादी है। ऐसे में किसी के भी घर में बगैर इजाजत दाखिल होना कानूनन सही नहीं है। इसी स्थिति का सामना 23 फरवरी को मेडिकल बोर्ड और स्थानीय पुलिस को करना पड़ा।



