Breaking Newsअन्य खबरेंराजनीति

दिग्विजय ने खेला मंदिर कार्ड, बोले- चुनाव जीता तो यहां बनेगा भव्य राम मंदिर


भोपाल। इस बार के लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की जिस एक सीट पर सारे देश की नजरें हैं। वो भोपाल है। यहां से कांग्रेस ने राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। ये अलग बात है कि भाजपा उनके खिलाफ अब तक कोई चेहरा नहीं तय कर पाई है। सिर्फ बैठकों और चर्चाओं का दौर चल रहा है। इस बीच दिग्विजय सिंह बदले हुई रणनीति के तहत भाजपा के इस अभेद्य किले में सेंध लगाने के लिए काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में वो मंदिर-मंदिर घूम रहे हैं। दिग्विजय के इस सॉफ्ट हिंदूत्व को लेकर भाजपा के कान खड़े हो गए हैं। इसलिए पार्टी उनके मुकाबले इसी कट्टर हिंदूवादी नेता को चुनाव मैदान में उतारने की सोच रही है।
इस बीच दिग्विजय सिंह ने एक और मास्टरस्ट्रोक खेला है। आज रामनवमी के मौके पर वो हमीदिया रोड स्थित राम मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने न सिर्फ जय श्रीराम के नारे लगाए। बल्कि एक ऐसी घोषणा कर दी, जिसके कई सियासी मायने हैं। दिग्विजय सिंह ने यहां कहा कि, राम मंदिर कांग्रेस के कार्यकाल में बनवाया गया था। सामने की ज़मीन कांग्रेस भवन बनाने के लिए दी गई थी, लेकिन अब ये जमीन राम मंदिर ट्रस्ट को दी जाएगी। ताकि इस पर भव्य राम मंदिर बनाया जा सके। हालांकि आचार संहिता के दौरान दिए गए इस बयान पर हो सकता है कि विवाद खड़ा हो, लेकिन दिग्विजय सिंह ने मंदिर के नाम जमीन करने की बात कहकर सियासत गरमा दी है।

Related Articles

Back to top button