बैग में थे 1 किलो 42 ग्राम सोना, एयरपोर्ट पर सराफा व्यापारी गिरफ्तार


भोपाल। इंडिगो की मुंबई उड़ान से सोने के आभूषण एवं सिक्के लेकर निकले एक सर्राफा व्यापारी को राजा भोज एयरपोर्ट पर पहुंचते ही सीआईएसएफ ने हिरासत में ले लिया। व्यापारी के बैग में 1 किलो 42 ग्राम वजन के आभूषण एवं सिक्के थे। इसकी कीमत लगभग 42 लाख रूपए आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार सीआईएसएफ को मुंबई एयरपोर्ट से सूचना मिली थी के इंडिगो की भोपाल आ रही उड़ान संख्या 6-ई 264 में एक यात्री के बैग में सोना रखा है। सूचना के आधार पर सीआईएसएफ के जवानों ने विमान से उतरते ही यात्री को हिरासत में ले लिया।
यात्री के पास जो बैग था उसमें सोने के जेवर एवं सिक्के रखे थे। यात्री की पहचान पंचवटी कालोनी निवासी हरीश कुमार लोकवानी पुत्र दयालदास के रूप में हुई है। 35 वर्षीय हरीश का चौक बाजार में सर्राफे का कारोबार है। सीआईएसफ ने तत्काल आयकर विभाग को मामले की जानकारी दी। आयकर विभाग के एडिशनल डायरेक्टर वेदांत तंवर की अगुवाई में चार सदस्यीय टीम ने एयरपोर्ट पहुंचकर यात्री से पूछताछ की।
बिल दिखाए, अब ट्रांजेक्शन की जांच होगी
बताया जाता है कि सर्राफा व्यापारी ने मुंबई से सोना खरीदने के बिल आयकर अभिकारियों को दिखाए लेकिन जिस फर्म से सोना खरीदा गया था वह मंगलवार को बंद थी। इसी कारण आयकर विभाग को कुछ गड़बड़ी की आशंका हुई।
सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग व्यापारी के मोबाइल काल डिटेल एवं बैंक ट्रांजेक्शन निकलवा रहा है। व्यापारी के पास इतनी रकम थी या नहीं इसकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मुंबई से लाए गए सोने पर टैक्स चुकाया गया है या सोना तस्करी का है।
देर होने के कारण भोपाल में पकड़ा
सोना लेकर आ रहा यात्री मुंबई एयरपोर्ट पर बोर्डिंग के लिए अंतिम समय में पहुंचा था इसलिए उसे वहां नहीं रोका गया। बैग में सोना होने की सूचना हमें दी गई। यह एक प्रक्रिया है। अब आयकर विभाग ही आगे की कार्रवाई करेगा। हमने सोना भी विभाग के सुपुर्द कर दिया है।
– वीरेंद्रसिंह, डिप्टी कमांडेंट सीआईएसएफ



