झाबुआ चुनाव जीते कांतिलाल भूरिया का शपथग्रहण 31 अक्टूबर को


भोपाल। झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में जीते कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया 31 अक्टूबर को विधानसभा सदस्य की शपथ लेंगे। विधानसभा में स्पीकर नर्मदा प्रसाद प्रजापति उन्हें विधायक की शपथ दिलवाएंगे। भूरिया इसके लिए 30 अक्टूबर को भोपाल पहुंच रहे हैं। वे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय और जिला शहर कांग्रेस कार्यालय जाएंगे। पीसीसी में वे कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी करेंगे।
गौरतलब है कि पंद्रहवीं विधानसभा में छिंदवाड़ा के बाद झाबुआ में दूसरा उपचुनाव हुआ है। दोनों ही उपचुनाव कांग्रेस प्रत्याशी जीते हैं। भूरिया के विधायक की शपथ लेने के बाद कांग्रेस की विस में सदस्य संख्या 115 हो जाएगी। साथ ही निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल के मंत्री होने के कारण कमलनाथ सरकार को विधानसभा में 116 सदस्यों का समर्थन हासिल हो जाएगा।
विधान परिषद गठन पर भाजपा झूठ परोस रही: सलूजा
पीसीसी अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने वचन पत्र में विधान परिषद गठन का वचन दिया था, जिसके लिए कमलनाथ सरकार कवायद कर रही है। मगर भाजपा इस कवायद को सरकार बचाने और नेताओं के समायोजन के झूठ के रूप में प्रचारित कर रही है।
सलूजा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से ही विस चुनाव के वचन पत्र के वादों को पूरा करने में जुटी है। किसान कर्जमाफी, महिला सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, पिछड़े वर्ग को आरक्षण जैसे वादों को सरकार पूरा कर चुकी है। अब विधान परिषद के गठन के वादे को पूरा करने की सरकार तैयारी कर रही है। भाजपा इसका भ्रामक और झूठा प्रचार कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा झाबुआ उपचुनाव के पहले कह रही थी कि उपचुनाव परिणाम के आधार पर सरकार गिरा देंगे, लेकिन जब पार्टी को करारी हार मिली तो अब झूठा प्रचार कर प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय से लेकर भाजपा के अन्य नेता आंकड़ों के माध्यम से विधान परिषद के गठन को अनावश्यक खर्च बता रहे हैं, जबकि इसी भाजपा ने 15 साल तक सरकार में ब्रांडिंग, प्रचार-प्रसार, भ्रष्टाचार से प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब की है। एक लाख 80 हजार करोड़ रुपए के कर्ज की स्थिति में प्रदेश को सौंपा है।



