केरल / राहुल ने भारत को दुनिया की रेप कैपिटल बताया, कहा- मोदी दुष्कर्म के आरोपी भाजपा विधायक पर एक शब्द नहीं बोलते


तिरुवनंतपुरम (केरल). देश में बढ़ती दुष्कर्म और महिला अपराध की घटनाओं पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को विवादित बयान दिया। उन्होंने भारत को दुनिया की रेप कैपिटल बताया। राहुल ने कहा कि दूसरे देशों के लोग पूछ रहे हैं कि हम अपनी बेटियों और बहनों को सुरक्षा क्यों नहीं दे पा रहे हैं। उत्तर प्रदेश का एक भाजपा विधायक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म में शामिल है। वह पीड़ित और उसके परिवार को ट्रक से मारने की कोशिश करता है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पर एक शब्द नहीं बोलते हैं।
राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के तीन दिन के दौरे पर हैं। उन्होंने शनिवार को एक कार्यक्रम में कहा कि बेटियां, बहनें और उनकी मां दुष्कर्म के बाद जिंदा जलाने की खबरें पढ़ती हैं तो चौंक जाती हैं। ऐसी घटनाओं को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय हमारा मजाक उड़ा रहा है। भारत को दुनिया की रेप कैपिटल कहा जाने लगा है। लोग डर के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
देश चलाने वाले आंखें बंदकर सिर्फ सत्ता में भरोसा करते हैं: राहुल
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका (मोदी) पूरा पॉलिटिकल करियर नफरत, विभाजनकारी और हिंसा पर आधारित है। वे धर्म और भाषा के आधार पर लोगों को बांट रहे हैं। वे देश की संस्कृति की बेइज्जती करते हैं। उन्हें अर्थव्यवस्था की कोई समझ नहीं है।
उन्होंने कहा कि देश में अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ हिंसा बढ़ रही है। उनके खिलाफ नफरत फैलाई जा रही है। दलितों को पीटा जा रहा है। आदिवासियों की जमीनें छीनी जा रही हैं। लोग कानून अपने हाथों में ले रहे हैं, इसलिए संस्थागत ढांचे पर खतरा है। क्योंकि देश को चलाने वाले आंखें बंदकर सत्ता और हिंसा में भरोसा करते हैं। उन्हें लगता है कि सारी ताकतें उन्हीं के हाथ में हैं।



