Covid19 Madhya Pradesh : पुलिसकर्मी से बोले शिवराज-आप हमारे रीयल हीरो


भोपाल Covid19 Madhya Pradesh : हैलो…अजय (ऐशबाग थाने के टीआई अजय नायर), मैं शिवराज सिंह चौहान बोल रहा हूं। आप स्वस्थ्य हैं। मैं आपके माध्यम से पुलिस के सभी भाई-बहनों का अभिनंदन करता हूं कि आप इस कठिन समय में पूरी मुस्तैदी के साथ अपने काम को अंजाम दे रहे हैं। पूरे प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता आपके साथ है। आप सभी हमारे रीयल हीरो हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐसा संवाद मंगलवार को भोपाल, जबलपुर, उज्जैन सहित अन्य जगहों के पुलिसकर्मियों को फोन लगाकर किया। पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें सावधानी बरतने की हिदायत भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मास्क, सैनिटाइजर का उपयोग करें। भोपाल में हमारे साथी दूसरों को संक्रमण से बचाने के प्रयास में खुद संक्रमित हो गए हैं। जब भी पूछताछ के लिए जाएं तो निश्चित दूरी बनाकर रखें।
मुख्यमंत्री कोरोना के खिलाफ मैदान में योद्धा की तरह लड़ रहे अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ प्रतिदिन बात कर रहे हैं। सोमवार को ही उन्होंने स्टाफ नर्स, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बात की थी। मंगलवार को उन्होंने पुलिसकर्मियों से फोन पर बात की।
मुख्यमंत्री ने फोन लगाकर महिला अधिकारी अंजू से पूछा कि आप कैसी हैं। अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों की जिंदगी बचाने का काम कर रही हैं। मैं और पूरा प्रदेश आप व आपके सभी साथियों का अभिनंदन करते हैं। अंजू ने मुख्यमंत्री को बताया कि हमें खुशी है कि हम वर्दी का फर्ज अदा कर रहे हैं और मान बढ़ा रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों का भी मार्गदर्शन मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने उन्हें सुरक्षा के सभी साधनों का उपयोग करने के साथ गर्मी के दिनों में सिर और कान ढंककर रखने की सलाह दी। एक अन्य पुलिसकर्मी तोमर से उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश आपका ऋणी है। इस महामारी से लड़ने में जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं।
इसी तरह नेहा से भी मुख्यमंत्री ने संवाद करके हौसला बढ़ाया। उज्जैन के मनीष से उन्होंने कहा कि आपके यहां भी लड़ाई कठिन है। आप सभी कठिन जंग लड़ रहे हैं। आपका जज्बे को प्रणाम करते हैं। इसी तरह उज्जैन के ही एक अन्य अधिकारी खान से उन्होंने कहा कि हम सभी एक परिवार के सदस्य की तरह हैं। आप लोग दूसरों को बचाने का काम कर रहे हैं।
जबलपुर की आरक्षक निष्ठा पांडे से मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी की मेहनत से जबलपुर में हम काफी हद तक सफल हो गए हैं, लेकिन ढील नहीं छोड़ना है। लॉकडाउन बनाकर रखना है। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि हमें कोई परेशानी नहीं है। सरकार, जनता और वरिष्ठ अधिकारी सहयोग कर रहे हैं।



