Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

20 अक्‍टूबर को जारी हो सकती है छत्‍तीसगढ़ के भाजपा उम्‍मीदवारों की पहली सूची

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा उम्मीदवारों की सूची 20 अक्टूबर को जारी हो सकती है। भाजपा दावेदारों का 90 सीट का पैनल लेकर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री सौदान सिंह और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक गुस्र्वार दोपहर दिल्ली रवाना हो गए।
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि गुस्र्वार और शुक्रवार को होने वाली बैठकों के बाद पैनल में आए प्रत्याशियों को फाइनल किया जाएगा। पहली सूची 20 अक्टूबर को जारी कर दी जाएगी। इसमें नए-पुराने चेहरों का तालमेल होगा।
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी भाजपा में बगावत नहीं है। टिकट का पैनल तैयार करने में कार्यकर्ताओं की राय का विशेष ध्यान रखा गया है। सांसदों-मंत्रियों को चुनाव लड़ाने पर फैसला केंद्रीय संगठन करेगा।
मुख्यमंत्री के साथ रामविचार नेताम और पवन साय भी दिल्ली रवाना हुए। पैनल लेकर रवाना होने के दौरान टिकट के दावेदारों ने एयरपोर्ट पर भी डेरा डाल दिया था। श्रीचंद सुंदरानी, संजय श्रीवास्तव, संतोष उपाध्याय, राजीव अग्रवाल, पुरंदर मिश्रा, केदार गुप्ता आखिरी समय तक मुख्यमंत्री और आला नेताओं से चर्चा करते नजर आए।
डॉ रमन से जब यह सवाल किया गया कि इस बार भाजपा से कुछ बाबाओं ने टिकट की दावेदारी की है। इस पर डॉ सिंह ने कहा कि लोकतंत्र से सभी को टिकट मांगने का अधिकार है। बाबा क्यों पीछे रहे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ में प्रचार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने जहां-जहां प्रचार किया, उसका परिणाम सबके सामने है। छत्तीसगढ़ में भी प्रचार करें, परिणाम पहले जैसे ही आएंगे।

Related Articles

Back to top button