दिग्विजय सीएम शिवराज सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कराने पहुंचे थाने


भोपाल: मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से वायरल वीडियो को लेकर सियासत गरमाई हुई है| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के फेक वीडियो ट्वीटर पर शेयर करने पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ भाजपा ने एफआईआर दर्ज करवाई थी| अब दिग्विजय सिंह भी शिवराज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने भोपाल के क्राइम ब्रांच दफ्तर पहुंचे।
दिग्विजय ने राहुल गांधी के एडिटेड वीडियो को शेयर करने को आधार बनाकर शिवराज सिंह के खिलाफ शिकायत की। दिग्विजय का कहना था कि अगर मेरे खिलाफ एफआईआर हुई है, तो शिवराज के खिलाफ भी मामला दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा अगर इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो न्यायालय का विकल्प खुला है| उन्होंने कहा जब तक मेरी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक मेरा संघर्ष जारी रहेगा।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा नेताओं ने वीडियो में छेड़छाड़ करके उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, हुकुम सिंह कराड़ा और जयवर्धन सिंह भी मौजूद रहे। इससे पहले प्रदेश में शराब बिक्री मामले में मुख्यमंत्री शिवराज के एक एडिटेड वीडियो को लेकर भाजपा ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी|



