Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश: पूरे मध्य प्रदेश में कल से जमकर हो सकती है बारिश


भोपाल। मानसून के जोरदार ढंग से पुनः सक्रिय होने के आसार बन गए हैं। बंगाल की खाड़ी में मंगलवार को एक कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है। मानसून ट्रफ भी अपनी सामान्य स्थित से मध्य भारत के नीचे की तरफ आ गई है। इसके अतिरिक्त एक शियर जोन(पूर्वी-पश्चिमी हवाओं का टकराव) महाराष्ट्र पर बन गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इन तीन सिस्टम के कारण मंगलवार से मध्य प्रदेश में अच्छी बरसात का दौर शुरू होने की संभावना है। बारिश का यह सिलसिला 3-4 दिन तक जारी रह सकता है। उधर रविवार को सुबह 8ः30 बजे से शाम 5ः30 बजे तक मंडला में 3,रायसेन में 1 मिमी. बारिश हुई। भोपाल में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की फुहारें पड़ीं।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की शुरुआत हो चुकी है। मंगलवार को उस सिस्टम के आगे बढ़ने की संभावना है। मानसून द्रोणिका(ट्रफ) भी ग्वालियर से होकर गुजर रही है। इसके और नीचे आने के आसार हैं। महाराष्ट्र पर शियर जोन निर्मित हो गया है। इस वजह से मप्र में मानसून के सक्रिय होने की स्थितियां बन चुकी हैं। शुक्ला के मुताबिक सोमवार से ही बरसात की गतिविधियों में इजाफा होने लगेगा। मंगलवार से राजधानी सहित प्रदेश के कई स्थानों पर झमाझम बारिश का दौर शुरू हो सकता है। बरसात का यह सिलसिला रुक-रुक कर 3-4 दिन तक जारी रह सकता है। इसके बाद एक अन्य कम दबाव का क्षेत्र पुनः आठ अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी में बन सकता है। इससे अगस्त में अच्छी बरसात होने की उम्मीद की जा रही है।
20 जिलों में सामान्य से कम बरसात
प्रदेश में रविवार सुबह 8ः30 बजे तक सीजन की कुल 389.8 मिमी. बरसात हुई है। जो सामान्य(454.5मिमी.) से 14 फीसद कम है। प्रदेश के 20 जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। इसकें पूर्वी मप्र.के 11 और पश्चिमी मप्र. के 9 जिले शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button