खाद-बीज मिलावटखोरों पर कार्रवाई:71 खाद-बीज विक्रेताओं के लाइसेंस सस्पेंड, 50 निरस्त; 22 के खिलाफ एफआईआर


प्रदेश में खाद-बीज के मिलावटखोरों और मुनाफाखोरों पर सख्त कार्रवाई जारी है। कृषि मंत्री कमल पटेल के निर्देश पर जारी अभियान में गड़बड़ी का पता लगते ही लाइसेंस निरस्त किए जा रहे हैं। अब तक 50 लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं। वहीं 71 लाइसेंस निलंबित हैं। अब तक 22 विक्रेताओं के खिलाफ केस दर्ज की जा चुकी है। वहीं एक मामले में विवेचना की जा रही है।
कृषि मंत्री कमल पटेल ने खरीफ फसलों के सीजन में उर्वरक की बढ़ती मांग को देखते हुए नकली खाद और बीज बेचने पर कार्रवाई के लिए पूरे अमले को मैदान में उतार दिया गया है। खाद के अवैध भंडारण और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। कृषि अमले की सक्रियता से सकारात्मक नतीजे आ रहे हैं। किसानों को न खाद की उपलब्धता में दिक्कत आ रही है और न ही मंहगे दाम पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
कृषि मंत्री की सख्त हिदायत, किसी को नहीं छोड़ा जाएगा
कृषि मंत्री कमल पटेल ने पहले ही हिदायत दी थी कि खाद और बीच में गड़बड़ी करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। इस सख्त कार्रवाई से मुनाफाखोरों में हड़कंप है, वहीं किसानों को राहत मिली है।वहीं मध्य प्रदेश को केंद्र से एक लाख मीट्रिक टन से अधिक यूरिया उपलब्ध कराया जा चुका है। खाद समय पर और वाजिब कीमत पर किसानों को मिलती रहे इसके लिए कृषि विभाग का अमला स्टॉक लिमिट, निर्धारित दर से ज्यादा बेचने, मिलावटखोरों सहित अवैध रूप से खाद का विक्रय करने वालो के खिलाफ अभियान चलाए हुए है। कृषि मंत्री कमल पटेल ने दोहराया है कि किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे, ऐसे तत्वों के खिलाफ रासुका के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।



