भोपाल में 14 साल का रिकॉर्ड टूटा:राजधानी में 24 घंटे में 163.3 एमएम बारिश; 23 दिन पहले बारिश का कोटा पूरा हुआ, 2006 में 900 मिमी हुई थी


राजधानी भोपाल में बीते 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार शाम से शनिवार शाम 6 बजे तक इस दरम्यान भोपाल में कुल 163.3 मिमी पानी गिर चुका था। ऐसे में अगस्त की बारिश ने पिछले 14 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले साल 2006 में सीजन 900 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस बार अभी तक यह 1110 मिमी हो चुकी है।
राजधानी में मानसून विदाई के 23 दिन पहले ही औसत बारिश का कोटा पूरा हो गया है। शहर में सीजन की औसत बारिश 1008 मिमी यानी 43.64 इंच मानी जाती है, जबकि एक जून से अब तक यहां 1110 मिमी बारिश हो चुकी है।मौसम विभाग ने कल भी इसी तरह बारिश होने की संभावना जताई है। अगर इसी तरह बारिश होती रही तो भोपाल में लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी। भदभदा बांध के बाद कलियासोत बांध के 9 गेट खोले जा चुके थे।
अभी तक करीब 210 एमएम ज्यादा पानी गिर चुका
दिन में रुक-रुककर और शाम से सुबह तक लगातार पानी गिरने के कारण शहर में जलभराव की स्थिति हो गई। अब तक सीजन में एक हजार एमएम से ज्यादा बारिश हो चुकी है। यह करीब 200 एमएम ज्यादा है। एक दिन पहले भोपाल में इस सीजन में 986.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी। यह सामान्य बारिश से 142 मिलीमीटर ज्यादा थी। 17 अगस्त की बात करें तो राजधानी में औसत से करीब 2% कम बारिश हुई थी। हालांकि, मौसम विभाग औसत से 19% कम और औसत से 19% ज्यादा बारिश को सामान्य बारिश मानती है।
दिन का पारा नीचे आया
लगातार बारिश के कारण अब दिन का पारा भी नरम पड़ गया है। आज यह 26.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है। रात का तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। मौसम विभाग ने राजधानी भोपाल में अगले 24 घंटे में तेज बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया है। विभाग के अनुसार, बंगाल में बना सिस्टम छत्तीसगढ़ से आगे बढ़ गया है। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में ऊपर एक अति कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसी के कारण तेज बारिश हो रही है।



