चुनावी दंगल / रफाल पर सवाल पूछो तो मोदी के मुंह में जवाब नहीं है : राहुल

मंडीदीप/बासौदा/नसरुल्लागंज. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को तीन चुनावी सभाओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी हमला बोला। मंडीदीप में राहुल 30 मिनट के भाषण में 18 मिनट मोदी पर तो 6 मिनट शिवराज पर बोले। हालांकि 18 मिनट के भाषण में उन्होंने रफाल मुद्दे पर प्रधानमंत्री पर कई बड़े आरोप लगाए। कहा- मोदी जी ने मनमर्जी से कॉन्ट्रैक्ट बदला और गरीबों के करोड़ों रुपए अपने दोस्त अनिल अंबानी की जेब में डाल दिए। फ्रांस के राष्ट्रपति ने भी यही बात कही थी कि कॉन्ट्रैक्ट के लिए पीएम ने ही अंबानी का नाम दिया था। उन्होंने कहा कि रफाल पर सवाल पूछो तो प्रधानमंत्री के मुंह में जवाब नहीं आता। यूपीए सरकार ने 126 विमानों का सौदा किया था और एक विमान की कीमत 526 करोड़ रु. थी। एनडीए सरकार 36 विमान खरीद रही है और एक विमान 1600 करोड़ रु. का पड़ रहा है। आखिर गरीबों के पैसों की लूट हो रही है।
चौकीदार लूट रहा है। उन्होंने जनता से पूछा कि क्या आपके खाते में 15 लाख रुपए आए। क्या 3 करोड़ लोगों को हर साल नौकरी मिली? नीरव, माल्या, चौकसी जैसे लोग कितने पैसे लूट ले गए? मैंने प्रधानमंत्री से जब ये सवाल पूछता हूं तो उनके मुंह में जवाब नहीं आ पाता। नोटबंदी सबसे बड़ा घोटाला है। इसमें जनता का पैसा उद्योगपतियों को दे दिया। उन्होंने कहा कि मोदी आप लोगों को मित्रों कहते हैं और उद्योगपतियों को अनिल भाई, मेहुल भाई, विजय भाई कहते हैं। किसानों की कर्जमाफी के लिए मैं प्रधानमंत्री से मिलने गया, तो उन्होंने कोई जवाब हीं नहीं दिया।
फिर किया पनामा पेपर्स का जिक्र : मंडीदीप में राहुल ने पनामा पेपर्स का फिर से जिक्र कर दिया। उन्होंने पूछा कि मैंने गलती से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के बजाय यहां के मुख्यमंत्री के बेटे का नाम पनामा पेपर्स में ले लिया था, तो उन्होंने (शिवराज) मेरे ऊपर डिफेमेशन (मानहानि) का केस कर दिया, लेकिन जब मैं व्यापमं, ई-टेंडर के आरोप लगाता हूं तो केस की बात क्यों नहीं कर रहे। क्या इन्होंने इसमें पैसा बनाया है।



