Breaking Newsअन्य खबरेंराजनीति

मध्य प्रदेश / नरेंद्र मोदी की विदिशा औऱ जबलपुर में सभाएं, सुनने जा रहे हैं तो बोतल-डिब्बे साथ न ले जाएं, मोबाइल, छोटे पर्स ले जा सकते हैं

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को विदिशा और जबलपुर में चुनावी सभा करेंगे। विदिशा में साढ़े तीन बजे और जबलपुर में छह बजे उनकी सभा है। विदिशा में मिर्जापुर नई मंडी मैदान में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आमसभा को संबोधित करेंगे। जबलपुर में गैरीसन ग्राउंड पर शाम छह बजे सभा होगी। सुरक्षा के लिहाज से दोनों जिलों में हाईअलर्ट है। भाजपा अपने सबसे बड़े स्टार प्रचारक के जरिए 8 जिलों की 30 विधानसभा सीटों में माहौल बनाने की कोशिश में है।

सभा स्थल पर पानी की बोतल, थैले, फूलमाला और डिब्बे सभा स्थल पर प्रतिबंधित किए गए हैं। हालांकि सभा सुनने वाले मोबाइल साथ ले जा सकेंगे। लेकिन उनका इस्तेमाल सिर्फ फोटो खींचने और वीडियो बनाने में हो सकेगा। क्योंकि सभा स्थल पर जैमर लगे होंगे। वहीं महिलाएं बड़े पर्स अपने साथ नहीं ले जा सकेंगी। पुरुषों को अपने छोटे पर्स ले जाने की अनुमति रहेगी। पीएम की सुरक्षा में 1050 हजार जवान तैनात रहेंगे।

ये है कार्यक्रम : प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर मंडी परिसर में ही उतरेगा और वे सभा स्थल पर पहुंचने के बाद सबसे पहले मंच के पास में मौजूद 63 विशिष्ट लोगों से मुलाकात करेंगे। मोदी की सभा के जरिए भाजपा विदिशा सहित आसपास के जिलों की 15 विधानसभा सीटों तक भी पहुंचने की कोशिश में है। इसलिए प्रधानमंत्री के साथ 15 प्रत्याशी मंच पर मौजूद रहेंगे। भाजपा सभा में 60 से 70 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री की सभा के जरिए भाजपा विदिशा की पांचों, रायसेन की चारों, भोपाल की तीन और सागर जिले की सीटों तक पहुंचना चाहती है। इसी कारण यहां के प्रत्याशियों को मोदी के साथ मंच पर स्थान दिया गया है।

दोपहर 3.20 बजे आएंगे और आधा घंटे तक भाषण देंगे :  मोदी का हेलीकॉप्टर दोपहर 3.20 बजे लैंड करेगा। वे 3.30 पर मंच पर पहुंच जाएंगे। वे करीब 30 मिनट तक अपना भाषण देंगे। उनके रुकने का समय दो घंटे तय किया गया है। हालांकि भाजपा कार्यकर्ता दोपहर एक बजे के पहले तक सभा स्थल पर पहुंच जाएंगे।

जबलपुर में शाम 6 बजे से सभा : प्रधानमंत्री मोदी शाम 6 बजे गैरीसन ग्राउंड, सदर में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। सभा में हर विधानसभा से कार्यकर्ता पहुंचेंगे। पार्टी को उम्मीद है कि जितनी भीड़ मोदी की सभा में होगी उससे चार गुना ज्यादा वोट भाजपा को मिलेंगे, इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को सभास्थल पर लाने की तैयारी है। भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने बताया कि सभा की सारी तैयारी हो चुकी है। सभा में कैंट, पश्चिम, पूर्व, उत्तर, पाटन, पनागर, बरगी, सिहोरा और नरसिंहपुर, गोटेगांव, शहपुरा, बहोरीबंद, मुड़वारा, बड़वारा, विजयराघवगढ़ विधानसभा सीट के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button