मध्यप्रदेश / कांग्रेस दफ्तर के बाहर समर्थकों का जश्न; अपने नेताओं को मुख्यमंत्री बनाने की मांग

भोपाल. 15 साल से सत्ता से दूर रही कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में समर्थक जीत का जश्न मनाने के लिए उमड़ पड़े हैं। समर्थकों की भीड़ मंगलवार को मतगणना के परिणामों के साथ ही जुटने लगी थी। शाम होने तक जश्न का सिलसिला शुरू हो गया, ये देर रात तक चला था। बुधवार को सुबह से ही पटाखे फोड़े गए और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाईयां खिलाकर बधाई दी। ज्योतिरादित्य सिंधिया और कमलनाथ के समर्थन में उनके पोस्टर और कटआउट लेकर दफ्तर के बाहर समर्थक पहुंचे हैं।
बुधवार को सुबह कांग्रेस ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र सौंपकर मध्य प्रदेश में सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिलने कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी और विवेक तन्खा पहुंचे। इधर, प्रदेश कार्यालय के बाहर जमकर जश्न मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पद के लिए अपने-अपने नेताओं के समर्थन में मांग रखी जा रही हैं और नारे भी लग रहे हैं।
इससे पहले सुबह ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से मिलने उनके आवास पहुंचे। वहां पर चर्चा करके तीनों नेता राजभवन के लिए रवाना हुए।



