Breaking Newsअन्य खबरें

लोकसभा चुनाव / ढाई साल बाद प्रयागराज पहुंचीं प्रियंका, संगम पर की पूजा; कुछ देर में शुरू करेंगी गंगा यात्रा

प्रयागराज. कांग्रेस की पूर्वी उत्‍तरप्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी यहां संगम घाट पहुंचीं। यहां लेटे हनुमान की पूजा-अर्चना की। यहां से वे स्टीमर से वाराणसी रवाना होंगी। वे करीब 28 महीने बाद प्रयागराज आईं है। इससे पहले वे रविवार रात लखनऊ से प्रयागराज पहुंचीं। उन्होंने यहां पुश्तैनी मकान स्वराज भवन में रात्रि विश्राम किया।
प्रियंका अपनी इस गंगा यात्रा के दौरान कई मंदिरों में दर्शन करेंगी। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों से मुलाकात भी करेंगी। लगभग 140 किलोमीटर लंबी यात्रा की शुरूआत वह आज से प्रयागराज के मनइया घाट से करेंगी। इसका समापन 20 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होगा। प्रियंका वाराणसी के निकट दमदमा में एक स्वागत कार्यक्रम में भाग लेंगी।

यह है प्रियंका की गंगा यात्रा

प्रियंका मनइया घाट से नौका से लाक्षागृह (हंडिया) जाएंगी। यहां एक स्वागत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद दुमदुमा (हंडिया) और फिर सिरसा (मेजा क्षेत्र) जाएंगी। यहां से वह सीतामढ़ी पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगी। उसके बाद अगले दिन यानी मंगलवार के भी कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। प्रियंका सबसे पहले मंगलवार को मढ़हा गांव (मिर्जापुर) पहुंचेंगी। फिर वह विंध्ययांचल दर्शन करने जाएंगी। यहां कार्यक्रम के बाद चुनार के लिए निकलेंगी। चुनार में वह शीतला माता के दर्शन करेंगी। यहां पर वह रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन यानी 20 मार्च को वह वाराणसी के लिए निकलेंगी, जहां उनकी यात्रा अस्सी घाट पहुंचेगी।

ढाई साल बाद आईं प्रयागराज

ढाई साल के अंदर प्रियंका का प्रयागराज का यह दूसरा दौरा है। इसके पहले वह 21 नवंबर 2016 को प्रयागराज आ चुकी हैं। तब सोनिया और राहुल गांधी भी साथ पहुंचे थे। आनंद भवन में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर फोटो एग्जीबिशन देखने के साथ तीनों ने कमला नेहरू ट्रस्ट की मिटिंग में शिरकत की थी। सक्रिय राजनीति में उतरने के बाद यह प्रियंका का प्रयागराज का पहला दौरा है।

Related Articles

Back to top button