Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

मध्य प्रदेश / बच्चों से भोपाल में भीख मंगवाने वाले हैदराबाद और कानपुर के गिरोह पकड़े गए, 44 बच्चे बरामद


भोपाल। महानगर में बच्चों से भीख मंगवाने वाला हैदराबाद और कानपुर का गिरोह पकड़ा गया है। जहांगीराबाद और अशोका गार्डन थाना क्षेत्र की पुलिस ने चाइल्ड लाइन और महिला बाल विकास विभाग के अफसरों के साथ किए गए ऑपरेशन में बच्चों को मुक्त कराते हुए गिरोह चलाने वाले 7 पुरुष और 16 महिलाओं को गिरफ्त में लिया है। प्रशासन को आशंका है कि महानगर के अन्य इलाकों में भी ऐसे गिरोह सक्रिय हो सकते हैं।
टीम ने जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के सीआई कालोनी क्षेत्र से 26 बच्चे रेस्क्यू करके 3 पुरुष और 9 महिलाएं एवं अशोका गार्डन क्षेत्र में हुई कार्रवाई में 18 बच्चे रेस्क्यू करके 4 पुरुष और 7 महिलाएं पकड़े गए। सीआई कॉलोनी से रेस्क्यू किए गए बच्चों के साथ पकड़े गए व्यक्तियों ने बताया कि इन्हें हैदराबाद से लगभग दो माह पूर्व यहां लाकर दो कमरों में रखा गया था तथा उनसे भीख मंगवाई जा रही थी। ये सभी बच्चे सक्षम हैं, लेकिन इनका हुलिया दिव्यांगों की तरह बनाकर इनसे भीख मंगवाई जा रही थी। यही स्थिति अशोका गार्डन से बरामद बच्चों की भी थी। इनके पास से ट्रायसाइकिल भी बरामद हुई। ये कानपुर से यहां कुछ माह पहले आए हैं। बच्चों की उम्र 3 से 15 वर्ष के बीच है।
अभी छात्रावास में रखा: कमिश्नर कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चों से भीख मंगवाने वाले दो गिरोह को गिरफ्त में लिया गया है। इन गिराहों से रेस्क्यू किए गए बच्चों को फिलहाल श्यामला हिल्‍स स्थित अनुसूचित जनजाति छात्रावास में रखा गया है जहां उनके स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही भोजन आदि की व्यवस्था की गई है। अब तक विभिन्न स्थानों से बाल भिक्षावृत्ति करते हुए लगभग 500 बच्चे मिले हैं। खुशहाल नौनिहाल अभियान की कार्य योजना के तहत इन बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा तथा पुनर्वास के कार्य जारी हैं।

Related Articles

Back to top button