Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

वारदात में इस्तेमाल स्कूटर जैसे 1200 वाहनों की जांच की तब पकड़ाए लुटेरे


भोपाल, मनीषा मार्केट में पुलिस चौकी के पास महिला के गले से मंगलसूत्र लूटने वाले स्कूटर सवार दो लुटेरों को हबीबगंज पुलिस ने वारदात के तीन दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों ने बिना नंबर वाले मेट ब्लू रंग के स्कूटर से वारदात की और सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे। पुलिस ने फुटेज के आधार पर इस रंग के स्कूटर का पता लगाने के लिए टीवीएस जूपिटर वाहनों के 12 सौ खरीदारों का रिकॉर्ड खंगाला। तब पता चला कि एक आरोपित ने अपनी बहन के नाम से यह स्कूटर खरीदा और साथी के साथ मिलकर वारदात की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। दोनों आरोपित शराब और मंहगे शौक रखते हैं। इन्हें पूरा करने के लिए उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि घटना से एक दिन पहले आरोपित चेकिंग के दौरान हनुमानगंज पुलिस द्वारा भी रोके गए थे। तब वे नशे में थे। हालांकि कागजात दिखाने के बाद वे छूट गए थे।
डीआईजी भोपाल इरशाद वली के मुताबिक अश्वनी पाटिल पत्नी आनंद पाटिल (45) गीतांजलि कॉम्प्लेक्स कोटरा सुल्तानाबाद में रहती है। वह गुलमोहर कालोनी में हर्बल सेंटर चलाती है। एक नवंबर को वह सुबह सवा सात बजे घर से स्कूटर लेकर सेंटर के लिए निकली थी। करीब दस मिनट बाद वह जब मनीषा मार्केट से शैतान सिंह चौराहे की तरफ जा रही थी, तभी पीछे से एक स्कूटर पर सवार दो युवकों ने उसका मंगलसूत्र छीन लिया था। महिला ने बदमाशों का कुछ दूरी तक पीछा भी किया, लेकिन वे 11सौ क्वार्टर की तरफ भाग निकले थे।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित रोहन सूत्रधर (21) और नीतेश जाटव (19) को गिरफ्तार किया है। जाटव मूलतः ग्राम सिलपरी थाना कोतवाली जिला रायसेन का है, जो रोहन के साथ भोपाल में ज्योतिबा फुले नगर में रह रहा है। रोहन बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। वह खाना डिलीवर करने वाली उबर कंपनी में काम करता है। वहीं नीतेश दसवीं कक्षा में फेल होने के बाद अपनी बुआ के घर पर रहकर मजदूरी करता है। उसके खिलाफ दो साल पहले भी हबीबगंज में मारपीट का एक मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने इस मामले में लूट का माल खरीदने वाले ज्वेलर राजेश अग्रवाल (56) को भी आरोपित बनाया गया है। राजेश ओम शिवनगर कोहेफिजा का रहने वाला है। न्यू मार्केट में उसकी ज्वेलरी की दुकान है।
खींचे गए फोटो से मिला क्लू
रोहन की बहन नाम पर खरीदे स्कूटर पर दोनों रोजाना सुबह निकलते थे। इस दौरान वे अकेली निकलने वाली महिलाओं को टारगेट करते थे। एक नवंबर को जैसे ही उन्हें मौका मिला, तभी अश्वनी पाटिल का मंगलसूत्र छीन लिया। इस घटना के एक दिन पहले पुलिस चेकिंग वे ये दोनों नशे की हालत में पकड़ाए थे। पूछताछ करने पर उन्होंने किसी यात्री को स्टेशन छोड़ने के बात कही थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें जाने दिया था, लेकिन मोबाइल से उनका फोटो खींच लिया था। लूट के बाद जब सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जारी किए गए तो खींचे गए फोटो से एक बदमाश का हुलिया मिल गया। इसके बाद पुलिस कड़ियां जोड़ते हुए बदमाशों तक पहुंच गई।
सुनार को बेचने के लिए महिला का सहारा लिया
पुलिस की मानें तो आरोपितों ने लूटा गया माल बेचने के लिए एक महिला का सहारा लिया था। दोनों ने महिला से कहा था कि उनका परिचित बीमार है। उसके लिए उन्हें मंगलसूत्र बेचना पड़ रहा है। वह महिला अपने परिचित सुनार के पास आरोपितों को ले गई। वही ज्वेलर ने 11 हजार में लूटा गया मंगलसूत्र खरीदा था।

Related Articles

Back to top button