Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

15 लाख रुपए की फिरौती वसूलने की लालच में पांच दोस्तों ने की दोस्त की हत्या

विदिशा। गंजबासौदा में कक्षा छह के एक छात्र की उसी के पांच दोस्तों ने सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी और शव पोखर(पानी से भरा बड़ा गड्ढा) में फेंक दिया। पुलिस ने मंगलवार को उसका शव बरामद कर पांचों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें चार नाबालिग हैं।
सोमवार शाम करीब छह बजे से लापता था छात्र
एडिशनल एसपी केएल बंजारे के मुताबिक गंजबासौदा के गायत्री नगर निवासी हलवाई नारायण कुशवाह का बेटा पवन कुशवाह(13) सोमवार शाम करीब छह बजे से लापता था। परिजन ने मोहल्ले के ही एक युवक पर संदेह जताया था। पुलिस ने रात करीब 10 बजे गुमशुदगी दर्ज की थी।
संदेह के आधार पर आरोपित को पकड़ा
संदेह के आधार पर आरोपित अजय चंदेल(19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने चार नाबालिग साथियों के नाम बताए। उन्हें भी रात में ही पकड़ लिया। सबने मिलकर पवन की हत्या करना कबूला। इनमें से 17 वर्षीय एक किशोर वारदात का मास्टरमाइंड है। उसी ने 15 लाख रुपए फिरौती वसूलने अपहरण की साजिश रची थी।
अपहरण के दौरान विरोध किया
अपहरण के दौरान छात्र पवन ने विरोध किया, तो आरोपित अजय ने उसके सिर पर पत्थर मार दिया। जिससे वह बेहोश हो गया। उन लोगों ने उसे मृत समझकर उसी की साइकिल से रस्सियों से उसे बांध दिया और गमाखर क्षेत्र में पोखर में फेंक आए थे। मंगलवार की सुबह पुलिस ने पवन का शव बरामद कर लिया। श्री बंजारे के मुताबिक पांचों आरोपितों पर हत्या का केस दर्ज किया है। बुधवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button