बंगाल में रिकॉर्डतोड़ मतदान; TMC और BJP के लिए क्या संकेत? क्या कह रहे एक्सपर्ट
बंगाल में रिकॉर्डतोड़ मतदान; TMC और BJP के लिए क्या संकेत? क्या कह रहे एक्सपर्ट


West Bengal 1st Phase Voting: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले फेज की वोटिंग पूरी हो चुकी है। 16 जिलों के 152 सीटों पर मतदाताओं ने अपने मतों का इस्तेमाल किया है। चुनाव आयोग के आंकड़े के अनुसार, बंगाल में 91.46 फीसदी मतदान हुआ है।
कहा जाता है कि जब कई दशकों से सरकार चल रही होती है और वोटिंग पर्सेंटेज में बढ़ोतरी होती है तो यह सत्ता परिवर्तन के भी संकेत होते हैं। लेकिन, कई बार ठीक इसके उलट भी देखने को मिलता है। हाई प्रोफाइल और कड़े मुकाबले में ज्यादा वोटर्स सत्ताधारी दल को ही वोट देते दिखते हैं। इसकी वजह से भी वोट पर्सेंटेज में बढ़ोतरी हो जाती है। इस बार एसआईआर प्रक्रिया में पश्चिम बंगाल में लाखों वोट्स कट गए, जिसकी वजह से भी वोटिंग पर्सेंटेज में बढ़ोतरी का अनुमान है।
राज्य में वोटिंग पर्सेँटेज बढ़ने पर पॉलिटिकल एक्सपर्ट आशुतोष ने ‘आजतक’ से बात करते हुए कहा कि बंपर वोटिंग के आधार पर यह अंदाजा नहीं लगा सकते कि परिवर्तन ही होगा या फिर ममता बनर्जी वापस आएंगी। भाजपा और टीएमसी के बीच पिछले विधानसभा चुनाव में दस फीसदी वोटों का फासला हो गया, लोकसभा में यह सात फीसदी रह गया। क्या सात फीसदी के इस गैप को भाजपा पाटने की स्थिति में है या नहीं। अगर पाट लेते हैं तो उनकी सरकार बनती दिखेगी, लेकिन अगर नहीं तो ऐसा नहीं होगा। सबसे बड़ा सवाल है कि क्या भाजपा आज की तारीख में 42-43 फीसदी वोट ला पाएगी या नहीं। एसआईआर की वजह से यह कहना और मुश्किल हो गया है।
ममता बनर्जी ने TMC की जीत का किया दावा
वहीं, बंपर वोटिंग पर विभिन्न दलों के नेताओं की भी प्रतिक्रिया आई है और अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कहना है कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में अब तक हुए मतदान से संकेत मिलता है कि तृणमूल कांग्रेस अभी से ही जीत की स्थिति में है। कोलकाता के बो बाजार इलाके में आयोजित रैली में ममता ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वह सभी विपक्षी दलों को साथ लेकर दिल्ली (केंद्र की सत्ता) पर विजय हासिल करेंगी। ममता ने कहा, “मैं लोगों के मन को जितना समझ पाई हूं, उसके हिसाब से अभी तक हुए मतदान को देखते हुए यह कह सकती हूं कि हम पहले से ही जीत की स्थिति में हैं।” उन्होंने कहा, “मुझे किसी पद में कोई दिलचस्पी नहीं है। मुझे कुर्सी नहीं चाहिए। मैं सिर्फ दिल्ली में भाजपा सरकार का अंत चाहती हूं।”
अमित शाह बोले- TMC का सूरज डूब चुका है
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भाजपा की जीत का दावा किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि टीएमसी के भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का सूरज डूब चुका है। एक अन्य पोस्ट में गृह मंत्री ने कहा कि मध्यमग्राम रोड-शो में यह भगवा रंग बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार का आक्रोश है, प्रतिशोध है। टीएमसी जा रही है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक रैली में कहा कि चार मई को मतगणना वाला दिन बंगाल में टीएमसी की 15 साल पुरानी सिंडिकेट प्रणाली और महाजंगल राज की समाप्ति का दिन होगा। पीएम मोदी ने दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले काकद्वीप स्टेडियम में एक सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि राज्य में भारी मतदान से संकेत मिलता है कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के ‘भय’ का शासन भाजपा द्वारा किए गए भरोसे के वादे से निश्चित रूप से पराजित हो रहा है।



