Breaking Newsअपराध

भोपाल एयरपोर्ट पर विमान के सामने कैसे आया युवक, जांच होगी


भोपाल। स्पाइस जेट के विमान के सामने सिरफिरा युवक कैसे आ गया, युवक रन वे तक कैसे पहुंच गया और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इन सब बिंदुओं के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
अथॉरिटी ने एयरलाइंस एवं सीआईएसएफ से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी
अथॉरिटी ने एयरलाइंस एवं सीआईएसएफ से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। इसमें कहा गया है कि आखिर इसके लिए किसको जिम्मेदार ठहराया जाए। सीआईएसएफ ने प्रारंभिक जांच में इसके लिए स्टेट हैंगर पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को जिम्मेदार माना है। स्टेट हैंगर की सुरक्षा राज्य पुलिस के हाथ में है।
जवानों की संख्या बढ़ेगी, बल मांगा
उल्‍लेखनीय है कि भोपाल एयरपोर्ट की सुरक्षा में वर्तमान में करीब 185 जवान तैनात है। अथॉरिटी ने इनकी संख्या बढ़ाकर 300 करने की मांग की है। इसके लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। अथॉरिटी ने अब इसे तत्काल स्वीकृति देने का आग्रह नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो से किया है। कुछ समय पहले लाइटिंग जोन में भी लाइट्स चोरी हो गई थी। यह क्षेत्र भी सीआईएसएफ के सुरक्षा क्षेत्र से बाहर है। जवानों की संख्या बढ़ने पर यह क्षेत्र भी सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया जाना है।
सभी पहलुओं के मुताबिक जांच होगी
विमान के सामने किसी युवक का आ जाना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर मामला है। मामले की पूरी जांच कराई जाएगी। हमारे कुछ वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच करेंगे। सीआईएसएफ के जवानों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दिलाई जाएगी। नए वॉच टॉवर बनाने पर विचार किया जाएगा।
– अनिल विक्रम, एयरपोर्ट डायरेक्टर

Related Articles

Back to top button