Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

विदिशा में फंदे पर लटके मिले तीन शव / एक रस्सी के तीन हिस्से किए, मां ने कुर्सी पर और उसकी दो बेटियों ने पलंग पर चढ़कर फांसी लगाकर जान दी


विदिशा. विदिशा के शमशाबाद थाने के धोबीखेड़ा गांव में एक परिवार की मां और दो बेटियां फांसी पर लटकी मिली। तीनों के शव फांसी पर लटके मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह घर में पिता और भाई खेत पर खरीफ की बोवनी के लिए गए थे। इस बीच तीनों ने खुदकुशी कर ली। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
एडिशनल एसपी केएल बंजारे ने बताया कि राजेश यादव की पत्नी 50 वर्षीय सुशीला यादव, बेटी सारिका (18) और सबसे छोटी बेटी रक्षा (17) का शव घर के हॉल में मिले। तीनों ने एक ही हॉल ही में फांसी लगाई। मामला संदिग्ध है। अभी तीनों की मौत का पता नहीं चल पाया है। मौके से कोई सुसाइडट नोट नहीं मिला है। तीनों के शव का शमशाबाद अस्पताल में पीएम कराया गया।
एक रस्सी के तीन बराबर हिस्से किए
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां जाकर देखा तो पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस का कहना है कि एक रस्सी के तीन बराबर हिस्से हंसिए से काटकर किए गए। मां सुशीला कुर्सी पर तकिया रखकर ऊपर चढ़ी। इसके बाद छत के कुंदे से फांसी का फंदा बनाया और कुर्सी में लात मारकर लटक गई। वहीं, सारिका और रक्षा घर में रखे पलंग पर चढ़ी और छत के कुंदे पर रस्सी बांधकर लटक गई। तीनों ने एक ही हॉल की छत से फांसी लगाई।
बेटे का परिवार मकान के अलग हिस्से में रहता है
एसडीओपी बीएस सिसोदिया ने बताया- “राजेश यादव की तीन बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी अभिलाषा की शादी पांच साल पहले किशनपुरा गांव में हो चुकी है। बेटा मनोज की भी शादी हो चुकी है। वह मकान के दूसरे हिस्से में अपनी पत्नी के साथ रहता है। एक हिस्से में राजेश यादव अपनी पत्नी सुशीला और दो बेटियां सारिका और रक्षा के साथ रहते हैं।”
मामला गंभीर, गहन जांच होगी
एडिशनल एसपी केएल बंजारे का कहना है- “ये मामला बहुत गंभीर है। इसलिए इस मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। एसपी ने मुझे खुद मौके पर भेजा था। मैं एफएसएल टीम के साथ पहुंचा था। जांच की गई है। कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह भी लग रही है लेकिन पीएम रिपोर्ट के बाद सही जानकारी मिल सकेगी।”

Related Articles

Back to top button