मध्यप्रदेश / मुकाबला हो जाए, एक परिवार की चार पीढ़ियों ने देश को क्या दिया और चाय वाले ने क्या दिया: मोदी

जबलपुर/ग्वालियर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहडोल के जैतपुरा में शुक्रवार को जनसभा की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को निशाने पर लिया। मोदी ने कहा, “ये चुनाव इसलिए नहीं हैं कि कौन विधायक बने या कौन नहीं। कौन दल जीता और कौन नहीं जीता। ये चुनाव मध्यप्रदेश का भविष्य तय करने वाला है।
मोदी ने जनसभा में उपस्थित लोगों से कहा, “जब ये कांग्रेसी तुमसे पूछे कि ये सड़क और ये स्कूल क्यों नहीं बना तो आप पूछिएगा कि 55 साल शासन करते हुए तुमने क्यों नहीं बनाया। क्या तब विकास में ताला लगा हुआ था।” उन्होंने कहा कि एक तरफ 54 साल का मध्यप्रदेश में कांग्रेस का शासन और दूसरी ओर 15 साल का भाजपा शासन। कोई भी पैरामीटर हो, शिक्षा, आरोग्य, गांव का विकास, शहर का, मैं विश्वास से कह सकता हूं कि शिवराज सरकार ने जो काम 15 साल में किया है वह कांग्रेस 54 साल में नहीं कर पाई।”
मोदी ने कहा एक मुकाबला हो जाए
- “एक मुकाबला हो जाए, एक ही परिवार की चार पीढ़ियों ने देश को क्या दिया और एक चाय वाले ने चार साल में क्या दिया। उन्होंने कहा कि 2022 तक देश में एक भी परिवार को बिना घर के नहीं रहने देंगे। हर परिवार का अपना घर होगा।”
- “इनका हाल ये है- मुंह में राम बगल में छुरी। कांग्रेस के लोग बोलते हैं हम प्रेम की बात करते हैं। लेकिन, मध्य प्रदेश में ये गुस्से के सिवाए कुछ बोल नहीं रहे है। इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, क्या गरीबी हटी? जो ऐसे झूठे वादे करते हैं उन पर भरोसा करोगे क्या।”
शहडोल संसदीय क्षेत्र में 8 विधानसभा सीटें: शहडोल संसदीय क्षेत्र 8 विधानसभा सीटें हैं। 16 लाख से अधिक मतदाता शामिल हैं। इस क्षेत्र में शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और कटनी जिले शामिल है। इनमें 7 सीटें आरक्षित वर्ग की हैं। ऐसे में दोनों नेताओं की सभाओं के केंद्र में जनजातीय समुदाय और उनके मुद्दे होंगे। शहडोल संसदीय क्षेत्र में विंध्य और महाकौशल दोनों का क्षेत्र आता है। भाजपा की रणनीति है कि हर सभा के जरिए करीब 20 सीटों पर प्रभाव डाला जाए।
चार जिलों के 20 उम्मीदवार रहेंगे: प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी पहली बार ग्वालियर आ रहे हैं। वे शुक्रवार को एक घंटे के प्रवास पर ग्वालियर में रहेंगे। वे मेला ग्राउंड पर चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान सभा मंच पर ग्वालियर-चंबल संभाग के चार जिलों भिंड, मुरैना, दतिया और ग्वालियर की 20 विधानसभा सीटों के भाजपा उम्मीदवारों के साथ ही केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
25 नवंबर तक हर दूसरे दिन मोदी की सभाएं
16 नवंबर- ग्वालियर और शहडोल में सभा
18 नवंबर- छिंदवाड़ा और इंदौर में सभा
20 नवंबर- झाबुआ व रीवा।
23 नवंबर- मंदसौर-छतरपुर।
25 नवंबर- विदिशा और जबलपुर में सभा।




