Breaking Newsअन्य खबरेंराजनीति

शिवसेना : कश्मीर पर अफरीदी की राय का, पाकिस्तान के हर समझदार नागरिक का यही विचार होगा

नई दिल्ली : शिवसेना ने शुक्रवार को पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी की उस टिप्पणी का स्वागत किया, जिसमें खिलाड़ी ने कथित तौर पर कहा कि उनका देश ‘‘कश्मीर नहीं चाहता है’’।पार्टी ने कहा कि पाकिस्तान के हर समझदार आम नागरिक का यही विचार होगा।

शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ ने लिखा कि वायरल हुए वीडियो में अफरीदी यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मेरा मानना है कि पाकिस्तान को कश्मीर नहीं चाहिए, और यह राज्य भारत को भी नहीं दिया जाना चाहिए। कश्मीर एक स्वतंत्र देश होना चाहिए। अपने ही देश की माली हालत पर चुटकी लेते हुए क्रिकेटर ने कहा था कि पाकिस्तान अपने चार प्रांत तो सही तरीके से संभाल नहीं पा रहा है।

सामना ने संपादकीय में दावा किया कि इन दिनों पाकिस्तान आर्थिक दिवालियेपन की दहलीज पर खड़ा है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास उसने ‘बेल आउट’ पैकेज की विनती की है। मुद्रा कोष ने पाकिस्तान की इस विनती को जब नामंजूर कर दिया तो इमरान खान पर कटोरा लेकर चीन के दरवाजे पर जाने की नौबत आ गई। संपादकीय में लिखा कि जिस पाकिस्तान को खुद की अर्थव्यवस्था को जिंदा रखने के लिए चीन के आर्थिक ऑक्सीजन की जरूरत महसूस होती है वो पाकिस्तान कश्मीर को क्या संभालेगा, ऐसा अफरीदी का कहना होगा।

शिवसेना ने कहा कि सच तो यह है कि अफरीदी ही क्यों, पाकिस्तान के हर समझदार आम नागरिक का यही विचार होगा। हालांकि सामना ने बाद में अफरीदी पर निशाना भी साधा। उसने लिखा कि कश्मीर मुद्दे पर अफरीदी ने अपने ही देश को यदि निशाना बनाया है तो इससे खुश होने की जरूरत नहीं क्योंकि वह भी हिंदुस्तान विरोधी है। कुछ माह पूर्व जम्मू-कश्मीर में हिंदुस्तानी फौज ने 13 आतंकवादियों का खात्मा किया था। इसी ने उस वक्त आतंकवादियों के प्रति प्यार जताया था।

Related Articles

Back to top button